मनावर धार (सैयद रिजवान अली)।मध्यप्रदेश में भूमि संशोधन विधेयक पारित होने के बाद गुरुवार शाम मनावर में भाजपा कार्यकर्ताओं,नेताओं ने आभार रैली निकाली। इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री और धार-महू सांसद दीदी सावित्री ठाकुर ट्रैक्टर पर सवार होकर शामिल हुईं। रैली नगर पालिका परिषद से शुरू होकर गांधी चौराहे तक पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक नारेबाजी की।
गांधी चौराहे पर सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री दीदी सावित्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक में किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने बताया कि अब भूमि अधिग्रहण होने पर किसानों को बाजार दर से चार गुना मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
मंत्री दीदी ठाकुर ने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले के बाद अब सड़क, नहर, पुल आदि के लिए शासकीय भूमि अधिग्रहण होने पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। मनावर नगर के मुख्य गांधी चौराहे पर स्थानीय किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम जनता को मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया।
इस आभार रैली के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, भाजपा नेता सचिन पांडे, पन्नालाल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
