विश्व पुस्तक मेले में नूरी खान की पुस्तकों की धूम
‘प्रेम से परम तक….. और ‘आपका जीवन आपका व्यक्तित्व’ को मिल रही पाठकों की सराहना
दिल्ली से सैयद रिजवान अली। मध्यप्रदेश के निमाड़ अचल की चर्चित लेखिका नूरी खान की साहित्यिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होती दिखाई दे रही है। दिल्ली के प्रगति मैदान में 10 जनवरी से आयोजित विश्व पुस्तक मेले में उनकी पुस्तकों ने पाठकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया है। ‘प्रेम से परम तक….’ और ‘आपका जीवन आपका व्यक्तित्व’ जैसी कृतियों न केवल पाठकों को विचारशील बना रही हैं, बल्कि अध्यात्म, दर्शन और जीवन मूल्यों को सरल भाषा में प्रस्तुत कर व्यापक सराहना प्राप्त कर रही हैं। साहित्य जगत में नूरी खान के नाम से परिचित लेखिका का जन्म 19 दिसंबर 1979 को सनावद, जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में हुआ। वर्ष 1998 से साहित्य लेखन से जुड़ी नूरी खान के आलेख नई दुनिया, जनसता, इंदौर समाचार पत्र सहित अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे हैं। उनकी साहित्यिक यात्रा में वर्ष 2017 में कविता संग्रह ‘तनका’, 2018 में ‘तनका-2’ एवं ‘अमृत से अमरता तक’ का प्रकाशन हुआ। वर्ष 2020 में सकारात्मक सोच पर आधारित पुस्तक ‘आपका जीवन आपका व्यक्तित्व’ ने पाठकों के बीच विशेष पहचान बनाई, वहीं 2022 में संबंधों पर केंद्रित पुस्तक ‘जीवन, दर्शन और संबंध’ बोधि प्रकाशन, जयपुर द्वारा प्रकाशित हुई। विश्व पुस्तक मेले में विशेष रूप से चर्चित पुस्तक ‘प्रेम से परम तकज्’ प्रेम, अध्यात्म और दर्शन के समन्वय को रेखांकित करती है। लेखिका ने इस कृति के माध्यम से प्रेम को केवल स्त्री-पुरुष के भाव तक सीमित न मानते हुए, उसे सृष्टि का मूल तत्व बताया है, जो मनुष्य को मनुष्य से और मनुष्य को परमात्मा से जोड़ता है। पुस्तक का उद्देश्य प्रेम की व्यापक और आध्यात्मिक अवधारणा को स्थापित करते हुए जीवन को सार्थक दिशा देना है। पुस्तक को पाठकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण पुस्तक मेले में उमड़ी भीड़ से स्पष्ट है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी नूरी खान की काव्य पुस्तकों को विश्व पुस्तक मेले में स्थान मिल चुका है, जिससे उनकी रचनात्मक निरंतरता और साहित्यिक प्रतिबद्धता उजागर होती है। इस उपलब्धि से मध्यप्रदेश और निमाड़ क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। परिजनों, नगरवासियों और साहित्य प्रेमियों ने लेखिका को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र की प्रतिभा के लिए गौरव का विषय बताया है। साहित्य और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नूरी खान को वर्ष 2023 में दैनिक विनय उजाला राज्य स्तरीय सम्मान, प्रेस क्लब वर्किंग जर्नलिस्ट मुंबई द्वारा साहित्य भूषण सम्मान तथा वर्ष 2024 में विश्व वाणी हिन्दी संस्थान, जबलपुर द्वारा कृष्ण बिहारी नूर हिन्दी भूषण सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
परिजन और राजपुरनगर वासियों के लिए बहुत ही गौरव का विषय है परिजनों ने बधाई देते हुए अपने आप को गौरवान्वित महसूस किया है। रिश्तेदार,दोस्त, परिजनों में डॉक्टर आबिद खान ,डा.राशीद शेख ,डॉक्टर वाहिद मोहम्मद डॉक्टर अयान अली डा. उमर अली ,नौशाद अली सैयद ,साजिद अली सैयद चंदन नगर इंदौर, कार्टूनिस्ट इस्माइल लहरी,सैयद रिजवान अली आदि ने बधाई दी।
