मुंबई। ठाणे में पुलिस ने एक महिला यात्री से बलात्कार करने के आरोपी कैब ड्राइवर सुरेश गोसावी को गिरफ्तार कर लिया है। अपराध के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने उसके एक साथी उमेश झाला को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 26 दिसंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
ठाणे के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) महेश पाटिल ने बताया कि कथित घटना 19 दिसंबर की रात की है। उन्होंने बताया कि आरोपी ड्राइवर सुरेश पी गोसावी को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में ओला कंपनी ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि आरोपी ड्राइवर 3 दिन पहले से ओला प्लेटफॉर्म से ऑफ लाइन हो गया था।
कंपनी ने कहा कि पीड़ित युवती ने उस कार को ओला प्लेटफॉर्म से बुक नहीं किया था और वह सड़क से सीधे उसमें बैठी थी। बताते चलें कि पीड़ित ने ठाणे जाने के लिए ओला कैब ली थी। इसमें ड्राइवर का एक साथी पहले से ही मौजूद था। पीड़ित लड़की को लगा कि शायह यह शेयरिंग कैब है, इसलिए उसने नजर अंदाज कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने ठाणे की बजाय आरोपी विरार की तरफ कैब ले गए। लड़की के साथ कैब ड्राइवर ने रेप किया, जबकि उसके साथी ने उसकी मदद की। घटना के बाद पीड़िता दहशत में आ गई। हालांकि, कुछ घंटे बाद उसने साहस जुटाया और 21 दिसंबर को पुलिस से घटना की शिकायत की।
महिला का आरोप है कि गलत रस्ते पर जाकर ड्राइवर ने उसके पैसे, मोबाइल और पर्स छीन लिया और उसके साथ रेप किया। इस पूरे मामले पर कंपनी का कहना है कि इस घटना का उससे कोई लेना देना नहीं है। कैब कंपनी ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर बीते तीन-चार दिनों से ड्यूटी पर ही नहीं था।
लड़की की शिकायत के आधार पर ओला के आरोपी ड्राइवर और उसके साथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद मुंबई में महिला की सुरक्षा पर सवाल फिर से खड़ा हो गया है।
