भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 69वें गणतंत्र दिवस पर गुना में ध्वजारोहण कर सभी वर्गो के विकास का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ही उनकी भगवान है और जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है. मुख्यमंत्री चौहान ने यहां लाल परेड मैदान में ध्वजारोहण किया. उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों से कहा, “प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता उनकी भगवान है, उनकी सेवा कर ली मानो भगवान की सेवा कर ली. यही कारण है कि वह हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बना रहे हैं. मैं प्रदेश का मुखिया जरूर हूं लेकिन सेवा मेरा धर्म है.”
उन्होंने राज्य में बीते एक दशक में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा, “आज से एक दशक पहले मध्य प्रदेश की पहचान एक पिछड़े राज्य के रूप में होती थी. आज मुझे यह कहते हुए गर्व है कि हम सभी के प्रयासों से प्रदेश की औसत विकास दर देश की औसत विकास दर से आगे है. कृषि विकास दर में दुनिया में हम सबसे आगे हैं.” उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के चलते युवाओं, किसान, महिलाओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है. यह क्रम आगे भी जारी रहेगा.
