भोपाल :लोकतंत्र का लोक उत्सव ‘भारत पर्व” इस वर्ष भी 26 जनवरी, 2018 को गणतंत्र दिवस की संध्या को सभी जिला मुख्यालय पर आयोजित होगा।
प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत पर्व में मुख्य अतिथि के रूप में उपलब्धता अनुसार विधानसभा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष/मंत्री/राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री रहेंगे। इसके अलावा जिला कलेक्टर वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज-सेवी, लेखक, साहित्यकार और कलाकार को आमंत्रित करेंगे। भारत पर्व के प्रभावी आयोजन के लिये जरूरी कार्रवाई शुरू कर स्थानीय व्यवस्था के लिये आयुक्त, सह संचालक स्वराज संस्थान संचालनालय, रवीन्द्र भवन परिसर भोपाल को नोडल अधिकारी मनोनीत किया गया है।
प्रमुख सचिव संस्कृति ने बताया कि भारत पर्व में प्रदेश की पारम्परिक रूप से लोक रुचि के गायन (लोक भक्ति, सुराज, आजादी के तराने) कवि सम्मेलन, वादन और नर्तन (जनजातीय एवं लोक) इत्यादि कार्यक्रम संस्कृति, जनसम्पर्क तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित होंगे।
विकास यात्रा पर केन्द्रित प्रदर्शनी
इस अवसर पर जनसम्पर्क विभाग द्वारा मध्यप्रदेश की विकास यात्रा पर केन्द्रित प्रदर्शनी सभी जिला मुख्यालय पर लगाई जायेगी।