अजमेर -10 जनवरी को अजमेर संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रघु शर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के मौके पर अजमेर आए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में हो रहे अजमेर व अलवर के लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा के उपचुनाव के परिणाम ही राजस्थान में कांग्रेस की वापसी के दरवाजे खोलेंगे। पायलट ने कहा कि कांग्रेस तीनों ही स्थानों पर जीत दर्ज करेगी और इसके साथ ही कांग्रेस का कार्यकर्ता नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जुट जाएगा। उन्होंने कहा कि आखिर भाजपा किस मुंह से वोट मांग रही है। गत विधानसभा और लोकसभा चुनाव के मौके पर भाजपा ने जो वायदे किए उसमें से एक भी पूरा नहीं किया। अलवर में कोई नेता नहीं मिला तो अपने मंत्री को उम्मीदवार बनाया और अजमेर में भी ऐसा ही निर्णय लिया। मंहगाई और भ्रष्टाचार की वजह से आम लोग परेशान हैं। जनता सब समझती है। उपचुनाव के परिणाम भाजपा सरकार के घमंड को तोड़ देंगें।
भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप लाम्बा-कांग्रेस के उम्मीदवार रघु शर्मा
नामांकन के बाद कांग्रेस के उम्मीदवार रघु शर्मा ने कहा कि पूरे चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप लाम्बा पर कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाऊंगा, क्योंकि लाम्बा मेरे बेटे के समान हैं। लाम्बा के पिता स्वर्गीय सांवरलाल जाट उनके मित्र रहे। लेकिन रघु ने कहा कि मतदाताओं को दोनों उम्मीदवारों की योग्यता भी देखनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि सावन के अंधे को हरा हरा ही दिखता है। 3 फरवरी को भाजपा को हकीकत का पता चल जाएगा।
सचिन पायलट के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मार्गों से एक रैली भी निकाली गई
नामांकन के बाद प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मार्गों से एक रैली भी निकाली गई। रैली में भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रैली की पहली खुली जीप जब गांधी भवन चैराहे पर थी तो अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता आगरा गेट चैराहे पर थे। नामांकन के समय शहरी कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अजमेर में भी दिखाई एकजुटताः
अलवर, मांडलगढ़ की तरह ही अजमेर में भी कांग्रेस के उम्मीदवार के नामांकन के समय नेताओं ने एकजुटता दिखाई। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सीपी जोशी, डाॅक्टर मोहन प्रकाश, पूर्व मंत्री गिरजा व्यास, प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी, भंवर जितेन्द्र सिंह, बाबूलाल नागर आदि नेता उपस्थित रहे। राजा साइकिल चैराहे पर हुई सभा को भी इन नेताओं ने संबोधित किया।
