पहली बार भोजपुरी फिल्म में भाग्य आजमाने के बाद प्रोमोशन के लिए पटना पहुंची बॉलीवुड अभिनेत्री पायल रोहतगी ने बिहार में शराबबंदी को लेकर सीएम नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की. केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि आजादी के बाद बीजेपी की सरकार को काम करने का मौका मिला और सरकार ने हिन्दुस्तान को विकसित करने के लिए बेहतर काम किया.
रोहतगी ने कहा कि बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में कास्टिंग काउच जारी है. उन्होंने यह खुलासा किया कि 2010 में उन्हें भी कास्टिंग काउच का शिकार होना पड़ा था. पायल ने कहा कि ये दुनिया मेल डोमिनेटेड है इसीलिए यहां कभी कास्टिंग काउच खत्म नहीं हो सकता.
गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने कहा कि कास्टिंग काउच कल्चर सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री तक ही सीमित नहीं है. उन्होंने कहा कि संसद भी इससे प्रभावित है. रेणुका चौधरी ने कोरियोग्राफर सरोज खान के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कहीं. सरोज खान ने भी कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच आम है और यह कलाकारों की रोजी-रोटी का जरिया है. हालांकि, विवाद बढ़ने पर सरोज खान ने अपने बयान पर माफ़ी मांग ली.
