नई दिल्ली -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिवाली मनाने के लिए जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सेना के जवानों के बीच पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां जवानों को मिठाई खिलाईं और दिवाली की बधाई दी। इसके बाद पीएम मोदी ने जवानों के शौर्य को याद करते हुए पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पाकिस्तान ने हमसे कश्मीर छीनने की कोशिश की, लेकिन हमारे सैनिकों ने उसके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने अवैध रूप से कश्मीर के एक हिस्से पर कब्जा कर रखा है, जिसकी कसक मेरे अंदर है। पीएम मोदी रविवार को राजौरी में आर्मी हेडक्वॉर्टर्स पहुंचे और उन्हें अचानक अपने बीच पाकर जवानों में काफी उत्साह देखा गया। उन्होंने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और देश की सुरक्षा में अदम्य साहस दिखाने पर देशवासियों की तरफ से आभार जताया।
पीएम मोदी ने उस दिन कश्मीर का दौरा किया जब सेना ‘इन्फेंट्री डे’ मना रही है। उन्होंने पैदल सेना के शौर्य को याद करते हुए कहा, “आजादी के बाद जब दोनों देश अलग हुए, तो हमने पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी राह चले और हम अपनी राह, लेकिन पाकिस्तान ने भारत की पीठ पर खंजर घोंपने की कोशिश की।”
