भोपाल,राजेन्द्र वर्मा
कांग्रेस में सिंधिया के बयान और मुख्यमंत्री के जवाब के बाद एक बार फिर सर्द राजनीति में गर्म हवाएं चलने लगी हैं। कयासों का सिलसिला शुरू हो गया है। सिंधिया ने अतिथि शिक्षकों के बीच कमलनाथ सरकार को वायदे याद दिलाते हुए सड़क पर उतरने का ऐलान क्या किया ,मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी आग में घी डालने का काम किया। इन्होंने कहा- सिंधिया सड़क पर उतरना चाहें तो उतर जाएं। और बाद में सोनिया गांधी से मिलकर अपनी सफाई पेश की। इसका मतलब,मुख्यमंत्री ने अब सिंधिया के पाले में गेंद फेंककर यह संकेत दे दिया कि उन्हें सिंधिया की धमकी की कोई परवाह नही है। सरकार चलती है और चलती रहेगी। या गिरती है तो गिर जाए। वे किसी के दबाव में सरकार नही चलाएंगे। राजनीति में कमलनाथ का अनुभव सिंधिया से बहुत ज्यादा है। कह सकते हैं कि वे राजनीति के घाघ महापुरुष हैं।जाहिर है,कमलनाथ के पास गहरी सोच,संकटों से उबरने की नीति और इनके तरकश में ऐसे कई तीर हैं, जो सिंधिया को मुसीबत में डाल सकते हैं।
सिंधिया को चुनोती :
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हए चुनोती भरे लहजे में कहा – सड़क पर उतरना चाहें तो उतर जाएं। मतलब, साफ है यदि सरकार के खिलाफ सिंधिया सड़क पर विपक्ष की भूमिका निभाते हैं तो इसे बगावत कहा जायेगा। और यह बगावत सिंधिया को कॉंग्रेस से बाहर कराने का एजेंडा बन सकता है। सिंधिया विरोधी गुट सिंधिया को कॉंग्रेस से बाहर कराने का प्लान बना सकता है।
सिंधिया की ताकत : सिंधिया के समर्थन में दो दर्जन से अधिक विधायक भी खुलकर मैदान में आ सकते हैं। अभी बुंदेलखंड अंचल के टीकमगढ़ जिले में मंत्री बृजेन्द्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र में संत रविदास की जयंति पर आधा दर्जन मंत्री एकजुटता दिखा चुके हैं। मतलब,साफ है कि सिंधिया अपने साथ सरकार के लिए खतरनाक सुनामी लेकर चल रहे हैं।यदि सिंधिया ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ बगावत की तो सरकार डेंजर जोन में चली जाएगी।
अध्यक्ष पद के बाद : मुख्यमंत्री कमलनाथ और सिंधिया के बीच पावर गेम की लुका छिपी प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद सड़कों पर आ सकती है। अभी सिंधिया को भरोसा है कि पार्टी हाईकमान इन्हें अध्यक्ष पद से नवाज सकता है। जबकि दूसरा गुट अपने भरोसेमंद को बैठाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहा है। मतलब,साफ है असली सत्ता संग्राम अध्यक्ष पद की ताजपोशी के बाद ही होगा। इसलिए कांग्रेस हाईकमान अध्यक्ष पद की ताजपोशी के लिए जल्दबाजी के मूड में दिखाई नही दे रहा है।
