करीब साढ़े छह बजे हरचंदपुर रेलवे स्टेशन के आउटर पर एक झटके के साथ इंजन समेत आगे की पांच बोगियां पटरी से उतर गईं. जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
रायबरेली के हरचंदपुर रेलवे स्टेशन के आउटर पर बुधवार सुबह साढ़े छह बजे के करीब फरक्का से दिल्ली जा रही 14003 न्यू फ़रक्का एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई. इंजन समेत 5 बोगियां बेपटरी हो गईं. इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा घायल हैं. जिनमें कईयों की हालत गंभीर बनी हुई है.
हादसे के वक्त ट्रेन में यात्रा कर रहे न्यूज18यूपी के रिपोर्टर पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि ट्रेन 5.40 बजे रायबरेली स्टेशन पहुंची. पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन रवाना हुई. इसके बाद करीब साढ़े छह बजे हरचंदपुर रेलवे स्टेशन के आउटर पर एक झटके के साथ इंजन समेत आगे की पांच बोगियां पटरी से उतर गईं. जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया. इंजन के साथ वाले जनरल बोगी में सैकड़ों लोग फंस गए. उसी के पीछे की एक बोगी में पश्चिम बंगाल का एक परिवार भी सफ़र कर रहा था. परिवार के चार सदस्यों में से एक महिला, बच्चे और एक व्यक्ति की तत्काल मौत हो गई. वहीं एक अन्य बच्चा छिटककर ट्रेन की पहियों के नीचे आ गया. चारों की मौके पर ही मौत हो गई.
चश्मदीद के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि देखकर रूह कांप गई. स्टेशन पर मालगाड़ी से सीमेंट की बोरियां उतार रहे मजदूर दौड़कर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. इसके बाद करीब एक घंटे बाद जिला प्रशासन और पुलिस के लोग पहुंचे.
फिलहाल मौके पर एनडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है. सभी यात्रियों को बाहर निकल लिया गया है. फ़िलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है. इस बीच रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) का हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
. परिजन BSNL-05412-254145 व रेलवे-027-73677 के नंबर पर सूचना प्राप्त कर सकते हैं. रायबरेली– 0535- 2213154
प्रतापगढ़– 0534- 2220492
