पिपरिया से पंकज पाल
पिपरिया -आर पी एफ पिपरिया में पदस्थ थाना प्रभारी श्री सैयद मोहम्मद अहमद को जबलपुर में आयोजित अलंकरण समारोह में महानिरीक्षक आर.के.मलिक ने राष्ट्रपति पुलिस मेडल से पुरस्कृत किया। इस मौके पर रेल पुलिस के आला अधिकारी उपस्थित रहे। 2017 में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने पदक की घोषणा की थी। सोमवार रात जबलपुर नई दिल्ली एक्सप्रेस से थाना प्रभारी सैयद अहमद की पुरस्कृत होने के पश्चात पिपरिया वापसी पर रेलवे स्टेशन पर शहर के जनप्रतिनिधियों,नागरिको,रेलवे अधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर सैयद अहमद का जोरदार स्वागत किया।
30 किमी रेल ट्रेक पर बाइक चलाकर यात्रियों की बचाई थी जान
सैयद मोहम्मद अहमद ने ढाई साल पहले हरदा के आगे माचना पुल रेलवे ट्रैक पर कामायनी एक्सप्रेस के दुर्घटना ग्रस्त होने पर जान पर खेल नदी में डूबते यात्रियों की जान बचाई थी। कामायनी के माचना पुल में गिरते ही सैयद अहमद ने 30 किमी रेलवे लाइन के बीच बाइक चलाकर घटना स्थल तक पहुंचे और पानी में डूबते लोगों को बचाया था। जान पर खेलकर रेस्क्यू करने के एवज तत्काल एडीजे रेल ने पांच हजार की नगद राशि से श्री सैयद को पुरस्कृत किया था। उसके बाद तत्काल राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने सैयद को सराहनीय सेवा मेडल व प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की थी। टीआई की इस बहादुरी का सभी ने खुले दिल से सराहना की थी। यह पहला मौका था कि जब एक आरपीएफ थाना प्रभारी ने अपनी जान हथेली पर रखकर बीच ट्रेक पर 30 किमी बाइक चलाई। और कई जिंदगियां भी बचाई थीं। सोमवार रात श्री सैयद अहमद की वापसी पर रेलवे स्टेशन पहुंच जनप्रतिनिधियों,नागरिको,रेलवे अधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर सैयद अहमद का स्वागत किया।
मां को समर्पित किया मेडल
सैयद मोहम्मद अहमद ने कहा मेरी मां की हमेशा दुआए साथ रही उसी का नतीजा है आज देश का सर्वोच्च पुलिस पदक से मुझे नवाजा गया। यह मेडल मां को समर्पित है। उन्होंने कहा देश सेवा,यात्रियों और ट्रेन की सुरक्षा की उनकी सदा प्राथमिकता रहेगी।
