छतरपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के भाषणों पर केंद्रित पुस्तक “भविष्य का भारत” का विमोचन आज दोपहर सिंचाई कॉलोनी स्थित नॉलेज विला कैम्पस में हुआ। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार रवींद्र व्यास और मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संपर्क विभाग के मध्य क्षेत्र के संपर्क प्रमुख अनिल डागा थे ।
मुख्य वक्ता अनिल डागा ने पुस्तक के बारे में बताया कि दिल्ली में सितम्बर में हुए 3 दिवसीय कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संघ पर विस्तार से जानकारी दी और विभिन्न सवालों के तर्कसंगत जवाब दिए। उन्होंने कहा कि संघ पर अक्सर हमला होता है। लेकिन वर्तमान इंटरनेट के समय में सभी लोगों तक जानकारियां पहुँचने लगीं हैं जिससे राष्ट्रवादी पक्ष जनता के सामने आने लगा है। श्री डागा ने कहा कि समाज में जो अच्छा काम कर रहे हैं और प्रबुद्ध वर्ग भी राष्ट्र निर्माण के विषय को लेकर भ्रमित है। शिक्षा, साहित्य, फिल्म, पत्र-पत्रिकाएं आदि के नीति निर्धारकों में निश्चित विचारधारा के लोग हैं। जो संघ के बारे में भ्रम फैलाते हैं संघ प्रमुख ने कार्यक्रम में इस भ्रम का निवारण किया। दिल्ली क्र इसी कार्यक्रम के संघ प्रमुख के भाषणों और सवाल-जवाब के अंश इस पुस्तक में दिए गए हैं।
मुख्य अतिथि श्री व्यास ने कहा कि आज दो महान विभूतियों मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस है। अटल जी ने परमाणु परीक्षण कर पूरे विश्व को भारत की ताकत की धमक सुनाई थी। भविष्य का भारत पुस्तक में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संघ से जुड़े विभिन्न बिंदुओं के बारे में विस्तार से बताया है। वसुधैव कुटुम्बकम की बात इसमें कही गई है। श्री भागवत ने संघ के गठन, कार्यकलाप के बारे में इसमें बताया है।
विभाग संघ चालक भाल चंद्र नातू ने पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह पुस्तक संघ प्रमुख द्वारा दिए गए तीन दिवसीय व्याख्यानों का संकलन है। इसमें संघ से जुड़े सुलझे, अनसुलझे विषयों पर प्रकाश डाला गया है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। ‘धन्य तुम्हारा जीवन गान’ एकल गीत ऋषभ ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संपर्क प्रमुख योगेश सिन्हा ने किया। आभार नगर संपर्क प्रमुख पंकज पाठक ने किया।
खेमराज चौरसिया की ख़बर
