ग्वालियर। मप्र में शर्मसार करने वाला सनसनीखेज हत्याकांड हुआ है। मुरैना में चौखूटी गांव में रहने वाले लक्ष्मण गुर्जर की 20 वर्षीय बेटी को पहले तो बेरहमी से पीटा गया फिर जिंदा जला दिया। यह आॅनर किलिंग का मामला है परंतु हत्या के आरोपी केवल युवती के पिता या भाई नहीं हैं। समाज की पूरी पंचायत ने युवती को लवमैरिज करने के बदले सजा-ए-मौत दी। पंचायत में फैसला किया गया और फिर उसका पालन हुआ। पुलिस का घटिया सूचनातंत्र देखिए कि 24 मई को हुई इस घटना की जानकारी पुलिस को 2 दिन बाद लगी।
मामला मुरैना जिले के नूराबाद का है, जहां एक ही गोत्र के युवक के साथ भागने पर युवती को उसके परिजनों ने पंचायत बुलाकर मौत की सजा दिलवाई। इसके बाद लड़की को बेरहमी से पीटकर मार डाला और घर के पास ही युवती को जिंदा जला दिया। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों युवती गांव के ही एक युवक के साथ भाग गई थी। इसके बाद लड़की के परिजनों ने गांव के लोगों की पंचायत बुलाई और पंचायत में युवती को मौत की सजा देने का फैसला हुआ। इसके बाद युवती की पीट कर हत्या कर दी गई और घर के पास ही उसे जला दिया गया।
घटना 24 मई की है। पुलिस का नेटवर्क इतना घटिया है कि उसे इस घटना की जानकारी ही नहीं मिली। घटना के बाद से युवक और युवती के परिजन सहित गांव के लोग भाग गए हैं। पुलिस ने बताया कि ये मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। क्योंकि युवक और युवती के परिवार के साथ गांव के भी कुछ लोग फरार हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
