तिरूवनंतपुरम: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई ने सोमवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर के कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। घटना के समय थरूर अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। वह किसी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने थरूर के खिलाफ नारे लगाए, उनके कार्यालय में घुस गए और वहां ‘हिंदू पाकिस्तान’ वाला एक बैनर टांग दिया। इतना ही नहीं उनके कार्यालय पर काला तेल भी पोत दिया।
तिरुवनंतपुरम के जिला भाजपा अध्यक्ष एस.सुरेश ने कहा कि यह विरोध गलत बयान के खिलाफ था। सुरेश ने कहा, “यहां विरोध किया गया, क्योंकि थरूर यहां से लोकसभा सदस्य हैं और यह और कुछ नहीं बल्कि उनके गलत बयान के खिलाफ स्वाभाविक विरोध था।”वरिष्ठ कांग्रेस विधायक वी.डी. सतीशन ने मीडिया से कहा कि यह घटना भाजपा के घमंड को दिखाती है।
राज्य कांग्रेस अध्यक्ष एम.एम. हुसन और विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथाला ने भी घटना की कड़ी निंदा की है। तिरुवनंतपुरम में एक समारोह में ‘भारतीय लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता पर खतरा’ विषय पर थरूर ने कहा था, ‘सबसे बड़ा खतरा यह है कि अगर वे (भाजपा) इतने ही सीट के साथ दोबारा लोकसभा चुनाव जीत गए तो निश्चित ही हम अपने लोकतांत्रिक संविधान को जिस तरह हम समझते हैं, वह अस्तित्व में नहीं रह पाएगा क्योंकि उनके पास वे तीन स्तंभ होंगे जिससे वह भारत के संविधान को समाप्त कर नया संविधान लिख सकते हैं।’
उन्होंने कहा था, ‘नया संविधान हिंदू राष्ट्रों के सिद्धांतों को समाहित करेगा और अल्पसंख्यकों के लिए समानता को हटा दिया जाएगा, जो हिंदू पाकिस्तान का निर्माण करेगा। साभार
