श्रावस्ती। कहा जाता है कि बच्चे देश के भविष्य हैं, मगर स्वास्थ्य विभाग के लापरवाह जिम्मेदारों को कौन बताये कि जब बच्चे स्वस्थ व जिन्दा रहेंगे तभी तो देश के भविष्य बनेंगे।
ताजा मामला जनपद मुख्यालय स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय का है जहाँ पर शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ0 इमरान मोईद, डॉ0 प्रदीप कुमार व डॉ0 डीएन त्रिपाठी का ओपीडी रुम तो खुला रहता है, मगर डॉक्टर साहब नदारद रहते हैं। अपने मासूमों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुचे तीमारदारों को अगर कोई मिलता है तो उपरोक्त डॉक्टरों की मुँह चिढ़ाती हुई खाली कुर्सियां।
डॉक्टर साहब के बारे में चिकित्सालय का कोई भी स्टाफ कुछ भी बताने को राजी न था। जिससे तीमारदार अपने बच्चों का इलाज प्राइवेट व झोलाछाप डॉक्टर से कराने को मजबूर थे। मरीजों व तीमारदारों के द्वारा दिए गये सूचना का सच जानने 11:30 बजे जब दैनिक भास्कर संवाददाता जिला चिकित्सालय पहुचा तो लोगों के द्वारा लगाये जा रहे आरोप सही पाये गये और सभी बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की कुर्सियां मरीजों को मुँह चिढ़ाती नजर आयीं। पूरे चिकित्सालय में सैकड़ों लोग अपने अपने बीमार मासूमों को लेकर इधर उधर भटकते रहे तथा कुछ आनन फानन में पड़ोसी जनपद बहराइच तो कुछ लोग प्राइवेट झोलाछाप डाक्टरों के यहाँ इलाज कराने के लिए भागते दिखे। ये लापरवाही का आलम उस जिले में है जो जनपद शिशु मृत्यु दर के मामले में पूरे देश में सबसे अग्रणी जनपदों में से एक है।
प्रति हजार 49 बच्चों की मौत जन्म के 28 दिन के भीतर
आपको बता दें कि “नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे ऑफ इंडिया” के सर्वे के अनुसार पूरे देश में 1000 बच्चों के जन्म के सापेक्ष 130 बच्चे पांच वर्ष की आयु पूर्ण करने से पहले हीं दम तोड़ देते हैं। मगर जब बात श्रावस्ती जनपद की आती है तो यहाँ की स्थिति और भयावह हो जाती है यहाँ पर 1000 बच्चों के जन्म के सापेक्ष 49 बच्चे 28 दिन के भीतर तथा 96 बच्चे एक साल के भीतर किलकारियों से गुंजायमान रहने वाले आंगन को सूना कर जाते हैं। ऐसे में सवाल यही उठता है कि धरती के भगवान कहे जाने वाले ये डॉक्टर अपनी शैतानी हरकत से बाज कब आयेंगे।
क्या कहते हैं सीएमओ
इस सन्दर्भ में जब सीएमओ वीके सिंह से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि पिछले शनिवार को जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था जिसमे कई लोगों पर कार्यवाही भी की गयी थी। अगर इसके बावजूद भी सुधार नही हुआ है तो अब जाँच करवाकर लापरवाह डाक्टरों/कर्मचारियों पर कठोर कार्यवाही किया जायेगा।


