छिंदवाड़ा-आबकारी अमले ने एक बार फिर हाथ भट्टी शराब के तस्कर को धरदबोचा। टूव्हीलर से तस्करी कर रहे उमरेठ के कोहनिया निवासी अनिल ककोड़िया के कब्जे से 55 लीटर महुआ शराब बरामद हुयी।
डीईओ दीपम रायचुरा को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पोआमा चौथा मील के पास तैनात आबकारी अमले ने घेराबंदी कर टूव्हीलर क्रमांक एमपी 28 एमएल 3601 को रोका। टूव्हीलर के पीछे वाली सीट पर एक बोरा बंधा हुआ था। बोरे के अंदर वाहन चालक अनिल ने रबर के ट्यूब के अंदर महुआ शराब छुपा रखी थी। जब इस शराब का नाप-तौल किया गया तो शराब की मात्रा 55 लीटर निकली।
अनिल को तत्काल मप्र आबकारी संशोधन अधिनियम की धारा 34(1),(2),46(1) के तहत गिरफ्तार किया गया और टू-व्हीलर सहित महुआ शराब जप्त की गयी। इस कार्यवाही के दौरान एडीईओ बीएल उइके, प्रधान आरक्षक बीएम शर्मा, आरक्षक लक्ष्मी अडमाचे, नारायण ठाकुर उपस्थित थे।
