भोपाल । 21 जून को सूर्य ग्रहण के दिन ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी की ओर से शहर में विभिन्न स्थानों पर सोलर फ़िल्टर के द्वारा लोगो को सूर्य ग्रहण दिखाया गया व इससे जुड़े अंधविश्वासों को लेकर जागरूक किया गया। ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी की भोपाल संयोजक आशा ने बताया कि सूर्य ग्रहण एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना है जो हमे खगोल विज्ञान को समझने में मददगार होती है। किंतु विभिन्न तरह के अंधविश्वास के चलते समाज मे इसे लेकर भय का माहौल व्याप्त है। लोग इन घटनाओं को देखने से डरते हैं और घरों में कैद हो जाते हैं। जबकि इन खगोलीय घटनाओं को समझकर हमे अपने ज्ञान को और विकसित करना चाहिए। खाना खाने, घर से बाहर निकलने, महत्वपूर्ण आयोजनों को टाल देने जैसे अंधविश्वास से लोग ग्रसित हैं। हम अपने विज्ञान संगठन BSS के माध्यम से देशभर में समाज में प्रचलित इन विभिन्न अंधविश्वासो को दूर करने के लिए प्रयासरत हैं। इसी क्रम में आज भोपाल शहर के विभिन्न इलाको में भी फ़िल्टर ग्लास के द्वारा लोगो को सूर्यग्रहण दिखाया व उनके भ्रम को दूर किया गया। इसे लेकर ऑनलाइन वेबिनार आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें कई छात्र, शिक्षक और अभिभावक भाग ले रहे हैं। एवं शारीरिक दूरी व अन्य नियमो को ध्यान में रखते हुए लोगो के बीच अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गई।
Breakthrough Science Society, Bhopal Chapter
