मेरठ. दिल्ली के रोहिनी एरिया में बने ‘आध्यात्मिक विश्वविद्यालय’ से सीबीआई टीम ने 41 लड़कियों को छुड़ाया। पीड़िताओं में कई यूपी और छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखती हैं। यह बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित का आश्रम था। यहां से आजाद हुई एक पीड़िता ने दिल्ली कमीशन फॉर वुमन के सामने बताया कि बाबा खुद को कृष्ण बताता था और उसे अपनी 16 हजार रानियों में से एक मानता था। उन्होंने कई बार उसका रेप किया।
बीते एक साल में राम रहीम से लेकर वीरेंद्र दीक्षित तक कई फर्जी बाबाओं का पर्दाफाश हुआ। इसी साल इलाहाबाद के अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने राधे मां समेत 14 फर्जी बाबाओं की लिस्ट जारी की। लिस्ट जारी करते हुए अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने यह भी कहा कि ये लोग धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे बाबाओं को जेल में डाल देना चाहिए और इनकी संपत्ति जब्त कर लेनी चाहिए।
