टीकमगढ़ – आज छतरपुर टीकगमढ़ क्षेत्र को राज्य मंत्री डाॅ. वीरेन्द्र कुमार के अथक प्रयासों से खजुराहो इंदौर एक्सप्रेस का उपहार मिला। इस महत्वपूर्ण रेल के संचालन की घोषणा राज्य मंत्री के आग्रह पर तत्कालीन रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु द्वारा दिनांक 18-10-2016 को झांसी से खजुराहो पेसेंजर ट्रेन के खजुराहो पहुंचने के अवसर पर की गई थी। परन्तु तकनीकी कारणोंवश यह रेल सेवा की घोषणा क्रियान्वित नहीं हो पा रहीं थी। राज्य मंत्री इस प्रयास में लगातार लगे हुए थे कि यह महत्वपुर्ण रेल सेवा प्रारंभ हो जिससे मध्यप्रदेश के एक बड़े व्यापारिक व शैक्षणिक शहर इंदौर से छतरपुर व बुंदेलखंड क्षेत्र को जोड़ा जा सके जोकि इस क्षेत्र के समुचित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
राज्य मंत्री डाॅ. वीरेन्द्र कुमार ने तत्कालीन रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु व वर्तमान रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल से लगातार पत्रव्यवहार व व्यक्तिगत भेंट के माध्यम से समय समय पर अपने क्षेत्र के विकास हेतु इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को जल्द से जल्द आरम्भ करने का आग्रह किया।
रेल मंत्री ने तकनीकी कारणों को जल्द से जल्द दूर कर इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को प्रारम्भ करने का आश्वासन दिया। अभी चल रहे लोक सभा सत्र में 04-01-2019 को रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल ने माननीय राज्य मंत्री डाॅ. वीरेन्द्र कुमार से अपनी भेंट में कहां कि आपके अथक प्रयासों से आपके क्षेत्र की लम्बित मांग जल्द ही पूर्ण होगी। इस महत्वपूर्ण रेल सेवा के संचालन को प्रारंभ करने हेतु राज्य मंत्री ने रेल मंत्री को अपनी व अपने क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद दिया व आभार जताया ।
आज प्रातः रेल मंत्रालय ने राज्य मंत्री श्री वीरेन्द्र कुमार को इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को फरवरी माह के पहले सप्ताह में प्रारम्भ करने के शुभ समाचार को बताया।
यह रेल अभी खजुराहो से रविवार, मंगलवार, शुक्रवार व शनिवार को रात्रि 11:30 बजे आरम्भ होगी व ललितपुर, बीना, संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़), उज्जैन होते हुए दोपहर 01:50 पर इंदौर पहुंचेगी व इंदौर से यह रेल सोमवार, बुधवार, शनिवार व रविवार को दोपहर 03:55 पर प्रारम्भ हो सुबह 06:00 बजे खजुराहो पहुचेगी। भविष्य में यह रेल प्रत्येक दिन चलाने का प्रस्ताव भी है व विस्तृत समय सारणी जल्द ही उपलब्ध कराई जायेगी।
राज्य मंत्री डाॅ. वीरेन्द्र कुमार ने इस नई रेल सेवा के प्रारम्भ किये जाने पर हर्ष जताया व इसे अपने क्षेत्र के समुचित विकास हेतु रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल का आभार प्रकट किया व कहा कि अब मेरा क्षेत्र व्यावसायिक व शैक्षणिक रूप से और सशक्त होगा।
शिवेन्द्र मिश्रा टीकमगढ़ की रिपोर्ट
