भोपाल -एसईसीसी सूची में शामिल बीपीएल परिवारों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन बांटने के बाद अब अनुसूचित जाति जनजाति व अंत्योदय सहित अन्य श्रेणियों में आने वाले परिवारों को भोपाल जिले में करीब 46 हजार गैस कनेक्शन बांटने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन गैस कनेक्शन लेने के लिए पात्र उपभोक्ताओं की कमी देखी जा रही है, यही वजह है कि अभी करीब दो हजार लोगों को ही गैस कनेक्शन मिल सके हैं, बाकी ढाई हजार के लिए आवेदन मंगाए गए हैं
जिले के हर परिवार को रसोई गैस कनेक्शन देने के लिए लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। इसके लिए पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से ऑयल कंपनियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार भोपाल जिले में करीब 46 हजार गैस कनेक्शन बांटने का लक्ष्य रखा गया है। भोपाल जिले में अभियान चलाकर पात्र परिवारों को सस्ता रसोई गैस कनेक्शन दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अब तक सामाजिक, आर्थिक एवं जातीय जनगणना (2011) के आधार पर लाभार्थियों को कनेक्शन दिए जा रहे थे। अब मंत्रालय ने इसमें सात और श्रेणियां जोड़ दी हैं। इसमें आर्थिक तौर पर कमजोर एससी, एसटी परिवार, पीएम आवास के लाभार्थी और अन्त्योदय कार्ड धारक शामिल हैं। इन सभी को योजना के तहत 1600 रुपये में कनेक्शन दिया जाएगा, साथ ही जिनके पास एक भी पैसा नहीं हैं उन्हें कनेक्शन तो मिलेगा, लेकिन सब्सिडी तब तक नहीं मिलेगी जब तक 1600 रुपये नहीं भर दिए जाते। 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस के मौके पर जिले की सभी गैस एजेंसियों के संचालक कैम्प लगाकर कनेक्शन बांटे गए, जिसमें करीब 1850 गैस कनेक्शन ही बंट पाए हैं, जबकि लक्ष्य 46 हजार था।
30 अप्रैल तक बांटने हैं ढाई हजार गैस कनेक्शन
जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना को लेकर एक बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। बैठक में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ज्योति शाह नरवरिया सहित खाद्य विभाग के अधिकारी, राशन दुकानों व गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित थे। बैठक में तय किया गया कि यह कार्य 30 अप्रैल तक किया जाएगा। वर्तमान में 1850 गैस कनेक्शन ही बांटे गए हैं और अब 30 अप्रैल तक ढाई हजार कनेक्शन और बांटने हैं।
