नई दिल्ली. गुजरात विधानसभा भंग करने के गवर्नर ओपी कोहली के लेटर के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल समेत कैबिनेट ने इस्तीफा दे दिया। बीजेपी विधायक शुक्रवार को अपना सीएम चुनेंगे। सूत्रों के मुताबिक, गुजरात के मुख्यमंत्री की रेस में रूपाणी समेत नितिन पटेल, जीतू वाघाणी के नाम भी चर्चा में हैं। नया नाम आने पर रूपाणी या नितिन पटेल को केंद्र में भेजा जा सकता है। उधर हिमाचल में सीएम का नाम फाइनल करने के लिए केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और नरेंद्र सिंह तोमर शिमला पहुंच गए हैं। कहा जा रहा है कि यहां जयराम ठाकुर का नाम लगभग तय है।
गुजरात के लिए आज होगी BJP की अहम बैठक
– गुजरात में सीएम का नाम फाइनल करने के लिए पार्टी के सेंट्रल सुपरवाइजर अरुण जेटली, पार्टी जनरल सेक्रेटरी सरोज पांडेय, बीजेपी स्टेट प्रेसिडेंट जीतू वाघाणी, प्रदेश के इलेक्शन इंचार्ज भूपेंद्र यादव और सहप्रभारी वी सतीश की मौजूदगी में विधायकों की बैठक होगी।लूणावाला और मोरवाहडप के निर्दलीय विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की बात भी सामने आई है।
राहुल गांधी करेंगे पार्टी कार्यसमिति की बैठक
– कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी शुक्रवार को पहली बार कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
– इसमें गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मजबूत प्रदर्शन के बाद आने वाले वक्त में पार्टी पर होने वाले असर, 2जी पर कोर्ट के आए फैसले समेत अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
