नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 65 हजार रुपए का इनामी बदमाश असलम ढेर हो गया। मुठभेड़ रूपवास गांव के पास आमका रोड पर हुई थी, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
एसएसपी के जनसंपर्क अधिकारी मनीष सक्सेना ने बताया कि शनिवार रात को कुछ कुख्यात बदमाशों के दादरी में आने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया था कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आमका रोड पर चेकिंग शुरू की।
तभी पुलिस को कुछ लोग एक मोटर साइकिल पर आते दिखे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इसमें शामली का रहने वाला 30 वर्षीय असलम नामक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है। असलम सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड में डकैती, लूटपाट व हत्या के कई मामलों में वांछित था। असलम के सिर पर आईजी मेरठ जोन ने 50 हजार और उत्तराखंड सरकार ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। सक्सेना ने बताया कि असलम का साथी फरार होने में कामयाब रहा।
