🎤ख़ान आशु की ख़ास ख़बर
-15 नवम्बर तक हो जाएंगी तैयारियां
-70 एकड़ में बैठक पांडाल, 300 एकड़ में होंगे पार्किंग इन्तज़ाम
भोपाल -एक ही तारीख में होने वाले विधानसभा चुनाव और आलमी तब्लीगी इज्तिमा आयोजन को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने को प्रशासन ने चुनौती की तरह लिया है। दोनों कार्यक्रम के लिए तैयारियां समय पर पूरी करने का एक्शन प्लान तैयार किया गया है। निर्माण कार्य समय पर निपटाने के लिए सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
अगले महीने 23 तारीख से शुरू होने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों से यहां खिदमतगार पहुँच कर विभिन्न कामों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं सरकारी एजेंसियों ने अपने जिम्मे के काम पूरे करने के लिए अपना वर्क प्लान तैयार कर लिया है। इज्तिमा तैयारियों की समीक्षा करने और जायजा लेने के प्रशासन के अफसरों ने शनिवार को इज्तिमागह पर दरबार लगाया। कलेक्टर सुदामा खाड़े और पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों के अफसरों को काम समय पर पूरा कर जमातियों के लिए सहूलियतें जुटाने के निर्देश दिए। इस दौरान सभी महकमों (नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, बिजली विभाग वगैरह) ने भरोसा दिलाया कि सभी जरूरी काम 15 नवम्बर तक पूरे कर लिए जाएंगे।
300 एकड़ में होगी पार्किंग
इज्तिमा इंतजामिया कमेटी के अतीक उल इस्लाम ने बताया कि जमातियों की लागतार बढ़ती तादाद को देखते हुए इस साल पांडाल का साइज बढ़ाया जा रहा है। जमातियों के बैठने और ठहरने के लिए करीब 70 एकड़ में पांडाल लगाया जाएगा। जबकि पार्किंग और फ़ूडजोन का इंतजाम करीब 300 एकड़ में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इज्तिमा में शिरकत के लिए देश-विदेश की जमातें अगले महीने आना शुरू हो जाएंगी। इस बार पहली दफा चार दिन चलने वाले इज्तिमा में देशभर के उलेमाओं की शिरकत होगी। इज्तिमा के पहले दिन 23 नवम्बर को होने वाले इज्तिमाई निकाह के लिए रजिस्ट्रेशन का काम मसाजिद कमेटी स्थित काजियात में शुरू हो गया है।
बढ़ेगी वालेंटियर्स की तादाद
इज्तिमा के दौरान शहर के मुख्तलिफ रास्तों, बाजारों और इज्तिमागह में इन्तज़ाम सम्हालने वाले वालेंटियर्स की तादाद में भी इस बार इजाफा किया जाएगा। इनको खास ट्रेनिंग देने के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
आसान होगी बात, आवाजाही और रेल सफर
इज्तिमागह पर लाखों लोगों की मौजूदगी से बनने वाले नेटवर्क जाम के हालात से निपटने के लिए बीएसएनएल ने खास तैयारी की है। विभाग के अफसर मोहम्मद परवेज खान ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान किए इंतजाम की तर्ज पर इज्तिमागह पर भी खास इक्विपमेंट लगाए जाएंगे, जिनसे लोगों की अपनों से कनेक्टिविटी नहीं टूटेगी। कलेक्टर ने कहा कि इज्तिमागह तक आवाजाही को आसान बनाने के लिए इसके 300 मीटर के दायरे में दुकानें लगाने पर पाबंदी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए धारा 144 लगाकर दुकानें लगने से सख्ती से रोका जाएगा। उन्होंने रेलवे द्वारा ट्रेनों में एक्स्ट्रा कोच लगाने और स्पेशल ट्रेन चलाने से इनकार करने के मामले पर अफसरों से बात करके मामले का हल निकालने की बात कही है। कलेक्टर ने कहा कि जमातियों को सफर में कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
(वरिष्ठतम पत्रकार )
