छतरपुर, 06 फरवरी 2020
जनपद पंचायत गौरिहार के ग्राम खड्डी में रहने वाले ग्रामीणजनों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आज आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम अंतर्गत शिविर लगाया गया।
शिविर के अवसर पर कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह कटरा गांव के स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया और मैदानी हकीकत से अवगत हुए। उन्होंने शिविर के दौरान ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामवासियों की सभी समस्याएं ग्राम स्तर पर ही निराकृत कर दी जाएं, जिससे उन्हें जिला या राज्य स्तर पर जाकर न भटकना पड़े।
कलेक्टर श्री सिंह ने शिविर में उपस्थित सभी अधिकारी और मैदानी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि जो भी कार्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के स्तर पर करना संभव है उसका निराकरण वहीं कर दिया जाए अन्यथा विलंब करने की स्थिति में उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि आपकी सरकार, आपके द्वार सरकार द्वारा किया गया एक अभिनव प्रयोग है, जिससे विभागीय योजनाओं की जानकारी लोगों को प्रदान की जाती है साथ ही विभाग से संबंधित शिकायत, समस्या आदि संबंधी आवेदन प्राप्त कर त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाता है।
समन्वय बनाकर चलने से होगी प्रगति
कलेक्टर श्री सिंह ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि जनता और प्रशासन बैलगाड़ी के दो पहिए हैं, जो अगर समन्वय बनाकर चलेगे तभी क्षेत्र का विकास संभव होगा। एक भी पहिया कमजोर होने से प्रदेश की प्रगति बाधित हो जाएगी। योजनाओं का क्रियान्वयन तभी अच्छे से हो पाएगा, जब जनता की मानसिकता में परिवर्तन आएगा और वह अपनी जिम्मेदारी और दायित्वों का पूर्ण रूप से निर्वहन करेंगे।
शिविर के दौरान कलेक्टर ने ग्रामवासियों कोराजस्व विभाग की हितग्राही योजनाओं से अवगत कराया और साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान हितग्रहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया।
शिविर में अधिकतर आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। शिविर के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती अनुरागी, क्षेत्रीय विधायक राजेश प्रजापति, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चन्द्र ,पूर्व विधायक बिजय बहादुर सिंह बुंदेला,जनपद अध्यक्ष रामविशाल बाजपेयी, जनपद उपाध्यक्ष बाबा भारती,सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
