भोपाल। विधायक आरिफ अकील ने भोपाल महापौर आलोक शर्मा, नगर निगम अपर आयुक्त और अन्य अफसरों को डेढ़ साल के बच्चे की कुत्तों के हाथ मौत का जिम्मेदार बताया है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आरिफ अकील ने गौतम नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत कर इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
विधायक आरिफ अकील ने अपनी शिकायत में कहा है कि आवारा पशु और कुत्तों को पकड़ना मध्यप्रदेश नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 355 के तहत नगर निगम भोपाल को आवारा कुत्तों को पकड़ना था। मगर नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों को नहीं पकड़ने की वजह से डेढ़ साल के मासूम बालक रजा की मृत्यु हुई है।
नगर निगम भोपाल द्वारा अपेक्षापूर्ण कार्य नहीं करने की वजह से यह घटना हुई है। इसलिए महापौर आलोक शर्मा, अपर आयुक्त स्वास्थ्य, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जोन क्रमांक तीन और सात के खिलाफ आईपीसी की धारा 289, 336, 304 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की जाना चाहिए।
विदित हो कि डेढ़ साल के मासूम बच्चे के पीजीबीटी कालेज क्षेत्र की एक बस्ती में कल गुरुवार को आवारा कुत्तों ने मार डाला था।
