रायगढ़ — अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी डा. अरुण उरांव ने शुक्रवार सुबह 11 बजे स्थानीय पत्रकारों से औपचारिक वार्ता की।
जिले मे कांग्रेस की चुनावी तैयरियों का जायजा लेने पंहुचे रिटायर्ड आइएएस व कांग्रेस प्रभारी डा. उरांव ने वार्ता के दौरान पत्रकारों के समक्ष जिले सहित प्रदेश भर मे कांग्रेस की विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर संतोष प्रकट करते हुये भाजपा से सीधा मुकाबले मे पिछले चुनाव से बेहतर प्रदर्शन करने का आश्वासन दिया।
सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुये डा. अरुण उरांव ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर एक साथ हमला बोला । डा. उरांव ने कहा कि एक तरफ छत्तीसगढ़ मे पिछले 14 सालों से काबिज भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग का शोषण किया तो दूसरी तरफ केंद्र की लफ्फाज सरकार ने सब्जबाग दिखाकर जनता के साथ खुला विश्वासघात किया है। डा. उरांव ने कहा कि हाल मे गुजरात बंगाल व राजस्थान के चुनावी नतीजों से यह साफ हो गया है कि अब भाजपा को जनता ने नकारना शुरु कर दिया है। साथ ही कांग्रेस की पदयात्रा मे उमडी भीड व बढ़ते जनाधार को आधार बनाते हुये डा. उरांव ने इसे छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव मे बेहतर संकेत बताया।
राजनांदगांव के पूर्व सांसद कुंवर देवव्रत सिंह के सियासी पाल्हा बदलने के सवाल के जवाब मे डा. उरांव ने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं उन्हें अपना आत्म अवलोकन करना चाहिये कि पार्टी से जुडकर उन्होंने क्या हासिल किया और पार्टी के लिये उन्होने क्या कुछ किया। राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि किसी के अलग होने से पार्टी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता, अलबत्ता ऐसे नेताओं की अपनी विश्वसनीयता संदेहास्पद हो जाती है।
बगैर रोडमैप का बजट–
– वर्ष 2018 के वार्षिक बजट से जुडे एक सवाल के जवाब मे डा. अरुण उरांव ने कहा कि जुमलेबाज सरकार देश की जनता को गुमराह करने से बाज नहीं आ रही। पिछले पांच सालों मे लगातार हर बजट मे केंद्र सरकार ने किसान, बेरोजगार, व्यापारी, गरीब, आदि हर वर्ग को ठगा है। इस बजट मे भी ऐसा ही शोर मचाया गया है। हर वर्ग को संतुष्ट करने के लिये वित्त मंत्री ने करोडों – अरबों रुपये के बजट का ऐलान तो कर दिया लेकिन इनमे से किसी एक का भी रोडमैप सार्वजनिक नहीं किया । डा. उरांव ने आगे कहा कि सरकार के हर बजट से आम आदमी की मुश्किलें बढ रही हैं, इसे देखते हुये जल्दी ही कांग्रेस देशभर मे सडक पर उतर कर प्रदर्शन करेगी और अब तक की घोषणाओं का हिसाब मांगेगी। सबसे बडा घोटाला साबित होगा कौशल विकास — कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी डा. अरुण उरांव ने मीडिया को बताया कि हर साल दो करोड रोजगार पैदा करने का दावा करने वाली सरकार कौशल विकास के नाम पर युवा बेरोजगारों का मजाक बना रही है । इस पूरी योजना का देश भर मे कहीं कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया है। डा. उरांव ने कहा कि ऐसी निरर्थक योजनाओं मे केंद्र सरकार जो शासकीय राशि का दुरुपयोग कर रही है, यह आगे जाकर देश के एक बडे घोटाले के रुप मे सामने आयेगी।
राहुल गांधी का होगा दौरा
— विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने जिले के प्रवास पर पंहुचे प्रदेश प्रभारी डा. अरुण उरांव ने मीडिया को जानकारी देते हुये बताया कि प्रभारियों की रिपोर्ट के बाद छत्तीसगढ़ मे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का भी दौरा निश्चित है। जिले मे ब्लाकवार तैयारियों की समीक्षा करने के बाद डा. उरांव ने पार्टी मे अंदरुनी कलह से इंकार कर प्रदेश भर मे कांग्रेस के एकजुट होने का दावा किया और आगामी चुनाव मे भाजपा की निरंकुश, भ्रष्ट और जुमलेबाज सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने के मिशन मे कांग्रेस के हांथ को जन – जन का साथ मिलने का आश्वासन दिया ।
राष्ट्रीय सचिव के साथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव व रायगढ़ जिला प्रभारी के के यादव,शेखर त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा शहर कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र ‘नेगी ,पूर्व अध्यक्ष जगदीश मेहर,दीपक पांडेय, जेठूराम मनहर,शाखा यादव,डॉ परिवेश मिश्रा, डॉ मेनका सिंह, गोपाल गुप्ता,अशरफ खान,अनिल चीकू,राजेन्द्र पांडे, हरेराम तिवारी,खुशीराम मल्होत्रा,शेख ताजीम,संतोष बहिदार, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।
