भोपाल । शुक्रवार रात्रि को अयोध्या मामलें के फैसले के तारीख की सूचना मिलते ही सभी पुलिस अधिकारी अलर्ट हो गए। रात्रि में ही जिले के सभी अधिकारियों, थाना प्रभारियों की बैठक बुलाकर हाई अलर्ट रहने आदि के दिशा निर्देश दिए गए एवं पूरी रात्रि सुरक्षा व्यवस्था/फोर्स की मॉनिटरिंग करते रहे।
एडीजी/आईजी भोपाल जोन श्री आदर्श कटियार एवं संभागायुक्त श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव द्वारा संवेदनशीलता के मद्देनजर शहर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया गया। अधिकारियों से चर्चा कर संवेदनशीलता से मुस्तेद रहने के निर्देश दिए एवं पुलिस कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
शहर(जिले) में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने और शहरवासियों में सुरक्षा व अमन चैन का अहसास कराने के लिए शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात्रि से कलेक्टर श्री तरुण पिथोड़े, डीआईजी श्री इरशाद वली व कमिश्नर श्री विजय दत्ता ने संयुक्त रूप से शहर के संवेदनशील इलाकों, अलग-अलग स्थानों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात्रि से लेकर आज शाम तक कलेक्टर श्री तरुण पिथोड़े व डीआईजी श्री इरशाद वली ने 10 से अधिक बार भोपाल शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर शांति व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी सर्विलांस के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखे।
भ्रमण के दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर रुककर पुलिस जवानों से चर्चा की, उनका मनोबल बढ़ाया और वाहनों की लगातार चल रही चेकिंग के सम्बंध में जानकारी लेकर दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री पिथोड़े, डीआईजी श्री वली और नगर निगम आयुक्त श्री दत्ता ने आज प्रातः कर्फ्यू वाली माता मंदिर क्षेत्र, रोशनपुरा में आदि पॉइंट पर रुककर पुलिस अधिकरियो से चर्चा की एवं संवेदनशील रहकर चेकिंग करने आदि निर्देश दिए। साथ ही आमजन से चर्चा की।
भ्रमण के दौरान इतवारा क्षेत्र में दुकानों पर भीड़ को देखकर पुलिस अधिकरियो को निर्देश दिए कि दुकानों पर 5 और 5 से अधिक लोगो को फालतू खड़ा नही होने दें। खरीदारी करने वाले/ग्राहक अपना सामान लें और घर जाएं, जिले में धारा 144crpf लागू है, उसका कड़ाई से पालन करायें। थाना प्रभारी संवेदनशील इलाकों में लगातार भ्रमण करते रहें और अनाउसमेंट कराते रहें कि लोग अपना सामान लें और घर जाएं, सड़कों पर ना खड़े रहें।
इसके बाद अधिकरियों ने बुधवारा, स्टेशन क्षेत्र, छोला, टीला जमालपुर, रॉयल मार्किट, शाहजहांनाबाद, नूर महल रोड, पीर गेट आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दुकानों पर भीड़ जमा नहीं होने दें, ट्रैफिक जाम कहीं भी न होने दें ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था में जिला बल, SAF, STF, QRF, PTS पचमढ़ी, तिघरा, भौंरी का बल, आबकारी समेत करीब 6 हजार अधिकारी/कर्मचारी सुरक्षा में तैनात है। इसके अतिरिक्त नगर/ग्राम रक्षा समिति का सहयोग लिया जा रहा है।
ज़िले में शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाये रखने में शहरवासियों, सभी समुदायों के लोगों, संस्थानों, मीडिया साथियों एवं जिले के सभी पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।
