धार (इंदौर)-जिले के मनवार में बच्ची से ज्यादती के बाद मामले में अब दोहरी ज्यादती की बात सामने आई। रिपोर्ट में सामने आया है कि 4 साल की बच्ची की रेप के बाद मौत सिर पर पत्थर पटकने से पहले फेफड़ों में धूल जाने से हो चुकी थी। आरोपी करण ने जिंदा बच जाने के डर में सांसें थम जाने के बाद भी बड़ा पत्थर बच्ची के सिर पर पटका। बच्ची की मौत से जुड़े ऐसे ही तकनीकी पहलुओं की पूरी जांच हो, इसी के लिए पीएम मनावर या धार हॉस्पिटल में न कराते हुए इंदौर के एमवाय अस्पताल में करवाने का निर्णय लिया था।
क्या है पीएम रिपोर्ट में…
पीएम रिपोर्ट में सिर पर पत्थर पटकने के अलावा सांसों में धूल जाने और दो बार रेप होने का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट देखने वाले तकनीकी जानकार बता रहे हैं कि आरोपी ने रेप के वक्त बच्ची शोर न करे, इसलिए उसका चेहरा सिर से पकड़ कर धूल में दबा दिया। बच्ची ने सांस ली तो धूल सांस नली से फेफड़ों में चली गई।
– डॉ. भूतल राठौर ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांस नली के जरिये बच्ची के फेफड़ों में धूल जाना पाया गया है। बच्ची के प्राइवेट पार्ट भी डैमेज थे। गौरतलब है मामले के 15 दिन के भीतर कोर्ट में चालान पेश करने के निर्देश पुलिस ने दिए हैं।
जान से मारने के लिए दो तरह से प्रयास हुआ, यह नृशंस हत्या
– पाॅक्सो एक्ट के केस में शासन की ओर से पैरवी करने वाले धार के विशेष पब्लिक प्रोसेक्यूटर के मुताबिक, रेप करने के साथ जान से मारने के लिए दो तरह से कोशिश करना प्रमाणित होता है तो हत्या नृशंस की कैटेगिरी में आएगी।
– ऐसी हत्या विरल से विरलतम मानी जाती है, जिसमें फांसी की सजा संभव है। मनावर के ही करोली में 6 साल की बच्ची के साथ रेपके बाद हत्या करने के पांच साल पहले के मामले में 36वें दिन फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है।
पुलिस आरोपी को ले गई मौके पर, सबूत जुटाए
– मनावर थाना इलाके में मंगलवार को हुई घटना के आरोपी को लेकर बुधवार को एसडीओपी और पुलिस साइंटिस्ट ऑफिसर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची के घर का जांच की। उसकी बड़ी बहन से पूछताछ की।
– फारेंसिक एक्सपर्ट ने मौका ए वारदात मुआयना किया। वहां से फिंगरप्रिंट उठाए। आरोपी को भी मौका ए वारदात ले जाया गया और वहां से घटना से जुड़े सबूत भी मिले। जिसे पुलिस और फारेंसिक एक्सपर्ट ने इकट्ठा किया है।
