भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में बमोरी, अशोक नगर, मैहर और रामपुर बघेलान सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम हैं। वहीं मंगावन, मानपुर, पनागर, जुन्नारदेव, चुरई, छिंदवाड़ा सीट के लिए भी प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।
इसके साथ ही पांर्ढुना, भोपाल मध्य और हाटपिपलिया सीट के लिए भी कांग्रेस उम्मीदवार का नाम घाेषित किया गया है। भोपाल मध्य सीट से पार्टी ने आरिफ मसूद को टिकट दिया है।
अाज कांग्रेस ने 13 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। इससे पहले पहली सूची में 155 और दूसरी सूची में 16 नाम थे। कांग्रेस अब तक तीन सूचियों में अपने 184 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
कांग्रेस की तीसरी सूची के लिए दिल्ली में सोमवार देर रात तक कवायद चली। इसमें दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों के नाम तय किए गए। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सूची जारी होने के संबंध में अलर्ट जारी कर दिया गया था।
उधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दफ्तर में इंदौर और उज्जैन संभाग के कई दावेदार सूची जारी होने के इंतजार में डेरा जमाए बैठे रहे।
