जयपुर -06 जनवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जयपुर में एक प्रेस काॅन्फ्रेंस की। इस प्रेस काॅन्फ्रेंस में गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर एक बार फिर राजनीतिक हमला बोला। गहलोत ने कहा कि धौलपुर महल को लेकर सीएम राजे ने आज तक यह नहीं बताया कि 10 रुपए की कीमत वाला शेयर एक लाख रुपए का कैसे हो गया? सब जानते हैं कि इस मामले में ललित मोदी की भूमिका रही है। राजे प्रदेश से भ्रष्टाचार मिटाने की बात करती हैं, लेकिन खुद पर लगे आरोपों का जवाब नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में कांग्रेस का प्रचार करने के लिए वे अजमेर, अलवर और मांडलगढ़ का दौरा करेंगे। गहलोत ने कहा कि सीएम राजे वाह-वाही लूटने के लिए जैसलमेर में लगने वाली रिफायनरी के शिलान्यास के लिए 16 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बुलवा रही हैं। मैंने इस संबंध में पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में मोदी को बताया गया कि रिफायनरी का शिलान्यास गत यूपीए की सरकार में प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह कर चुके हैं। ऐसे कोई दूसरा पीएम दोबारा से रिफायनरी का शिलान्यास नहीं कर सकता है। गहलोत ने उम्मीद जताई कि पीएम मोदी मेरे पत्र को गंभीरता से लेंगे। गुजरात के चुनाव प्रभारी रहे गहलोत ने कहा कि इस बार राहुल गांधी ने गुजरात में चुनाव प्रचार बस से किया, इसलिए सड़क मार्ग पर जो भी मंदिर आए, उन सभी में दर्शन एवं पूजा अर्चना करने गए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति पर सिर्फ भाजपा का ही हक नहीं है। गहलोत ने माना कि मणिशंकर अयर ने मोदी को लेकर जो बयान दिया, उससे गुजरात में कांग्रेस को नुकसान हुआ।
उत्साह में दिखे गहलोतः
गुजरात चुनाव के परिणाम के बाद गहलोत ने 6 जनवरी को पहली बार जयपुर में प्रेस काॅन्फ्रेंस की। इस प्रेस काॅन्फ्रंेस में गहलोत जबर्दस्त उत्साह में नजर आए। गहलोत की बाॅडी लेंग्वेज से लग रहा था कि वे 10 माह बाद होने वाले विधानसभा के चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पत्रकारों की ली सुधः
गहलोत अपने जयपुर दौरे में पिंक सिटी प्रेस क्लब भी गए। यहां जयपुर के पत्रकार पिछले 25 दिनों से धरने पर बैठे हैं। पत्रकारों की मांगों पर अभी तक भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया है। गहलोत ने धरने पर बैठ कर पत्रकारों के साथ फोटो खिंचवाया और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पत्रकारों की सभी मांग पूरी कर दी जाएंगी।
इस अवसर पर पिंकसिटी प्रेस क्लब, राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ, राजस्थान पत्रकार परिषद, राजस्थान पत्रकार संघ (जार), राजस्थान फोरम आॅफ वर्किंग जनर्लिस्ट यूनियन, जनर्लिस्ट आॅफ कौंसिल, आईएफडब्ल्यूजे, पत्रकार ट्रस्ट आॅफ इंडिया, एसोसिएशन आॅफ स्माॅल एंड मीडियम न्यूज पेपर इंडिया, राजस्थान लघु समाचार पत्र सम्पादक संघ आदि संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
