छतरपुर। स्व. श्री हरिप्रकाश यादव (नन्नाजी) की स्मृति में बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में चल रहे विधायक क्रिकेट ट्राफी में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों को शानदार खेल का आनन्द दे रहे हैं। टूर्नामेंट में आज जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने खिलाडिय़ों को विजयीभव का आशीर्वाद दिया वहीं पुलिस अधिकारियों, राजनेताओं और व्यवसायियों ने खिलाडिय़ों की हौसलाअफजाई की।
राज्यमंत्री श्रीमती ललिता यादव के संरक्षण में चल रहे टूर्नामेंट में दक्ष इलेवन ने सभी टीमों में सर्वाधिक स्कोर बनाया। दक्ष ने पहले खेलते हुए 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 122 रन जोड़े। लक्ष्य हासिल करने उतरी राधेपुर की टीम 7 विकेट पर 83 रन ही बना पाई जिससे दक्ष इलेवन ने 39 रनों से मैच जीत लिया। दक्ष के चंद्रकांत ने बेहतरीन 61 रन तथा 1 विकेट चटकाया। उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। पुलिस इलेवन को दूसरे मैच में घनघोर क्लब ने 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। पुलिस इलेवन ने पहले खेलते हुए निर्धारित 8 ओवर में 9 विकेट पर मात्र 63 रन ही बनाए। घनघोर के खिलाडिय़ों ने 5 ओवर में ही 1 विकेट पर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। घनघोर क्लब के अरशद को 3 विकेट लेने पर मैन आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। अगले मैच में महक क्लब की भिड़ंत ड्रीम इलेवन से हुई। महक ने 7 विकेट पर 58 रन बनाए। ड्रीम की टीम ने 3 विकेट पर 60 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया। अजय कुमार ने 18 रन बनाए और 3 विकेट लिए। वे मैन आफ द मैच रहे। जीएस ग्रुप का मुकाबला धमौरा से हुआ। धमौरा ने पहले खेलते हुए 10 ओवर में 3 विकेट पर 93 रन बनाए। जीत के इरादे से उतरे जीएस ग्रुप ने 7 विकेट पर 95 रन बनाकर 3 विकेट से मैच जीत लिया। अल्ताफ खान ने 30 रन बनाने के साथ ही 1 विकेट लेकर मैन आफ द मैच का पुरस्कार हासिल कर लिया। पांचवां मैच एकलव्य इकेडमी और किंगकोंग के बीच हुआ। एकलव्य ने 8 ओवर के निर्धारित मैच में 5 विकेट पर 96 रन बनाए। इसमें जीतेन्द्र अग्रवाल ने 53 रनों का योगदान देकर टीम को मजबूती दी। किंगकोंग की टीम 52 रन पर ही धराशायी हो गई जिससे एकलव्य एकेडमी ने 44 रन से मैच अपनी झोली में डाल लिया। जीतेन्द्र अग्रवाल को 53 रन बनाने और 3 विकेट लेने पर मैन आफ द मैच चुना गया। आज का अंतिम मैच खेलने उतरी छत्रसाल क्लब ने 2 विकेट के नुकसान पर 105 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। नमन खरे ने नाबाद रहकर 58 रन बनाए। लक्ष्य हासिल करने उतरी डीसी क्लब की टीम 58 रन में आलआउट हो गई जिससे छत्रसाल क्लब ने 47 रन से जीत का परचम फहरा दिया। नमन खरे को मैन आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
टूर्नामेंट में स्वतंत्रता सेनानी रामकृपाल चौरसिया, राम सिंह, धन्यकुमार जैन, अवधेश नारायण तिवारी, कमल अग्रवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. घासीराम पटेल, हिन्दू उत्सव समिति के पवन मिश्रा, रऊफ खान, प्रदीप सक्सेना, रवि प्रताप सिंह गब्बर, सूर्य प्रताप सिंह चीनीराजा, पत्रकार कल्याण सिंह, किसान मोर्चा के अभिनेन्द्र पटैरिया, कांग्रेस नेता अनीस खान, वृन्दावन गोस्वामी, व्यवसायी नविन्दर सिंह उर्फ मिंटू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मणिकांत चौरसिया, आलोक टिकरया, मिंटू पंडा, पूरन कुशवाहा, अनुपम निगम, व्यवसायी प्रेमनारायण रूसिया, चंद्रमा असाटी, श्याम आडवाणी, शिरोमणि स्वामी, नारायण सिंह यादव, देवेन्द्र अनुरागी, मुन्नीलाल प्रजापति, आरबी राजपूत के अलावा नगर पुलिस अधीक्षक राकेश शंखवार, कोतवाली टीआई केके खनेजा, सिविल लाइन टीआई अरविंद कुजूर, ओरछा रोड टीआई संधीर चौधरी, यातायात प्रभारी अंजना दुबे ने अतिथि के रूप में समारोह को गरिमा प्रदान करते हुए खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
