बोधगया (सैयद फैजुर रहमान सुफी) : बिहार प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा चुनाव-2019 के शंखनाद के साथ प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा की 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को बिहार में 40 में 40 सीटें मिलेंगी।नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को आर्दश मानतीं हैं उन्होंने कहा कि देश में पूर्ण बहुमत से पुन: नरेंद्र मोदी की ही सरकार बनेगी। क्योंकि भाजपा की राह विकास की राह है। कांग्रेस की राह विनाश की है। उससे जनता दूर हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की बुनियाद पर रह कर रोटी,कपड़ा,मकान, शिक्षा,सिंचाई,स्वास्थ,रोजगार और व्यापार को देश में जन-जन तक पहुंचायेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के डीएनए में ब्राह्मण है। कांग्रेस की तरह भाजपा जाति और वंशवाद की राजनीति नहीं करती है।विपक्ष जातिवाद और धार्मिक तुष्टिकरण की नीति पर देश की एकता-अखंडता को तोड़ने की बात करती है ।प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा की भाजपा की राह भ्रष्टाचार मुक्त सर्वांगण विकास की है तो कांग्रेस-राजद की राह अंग्रेजों की तर्ज पर फूट डालो-राज करो और विनाश की है।

नित्यानंद राय ने जोर देकर कहा कि हमारी राह विध्वंस की नहीं निर्माण की है जिसकी नीति के तहत महल भी सलामत रहे और साथ-साथ झोपडि़यों को भी अवसर प्रदान हो ताकि वे आने वाले दिन में महल बन जाए।कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जब दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रही बड़े-बड़े घोटाले हुए तो वहीं राजद पर भी हमला करते हुए कहा कि लालू जी ने चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, जमीन घोटाला और यहां तक कि दूध घोटाला भी किया ।
आज लालू प्रसाद अपनी करनी का फल भुगत रहे हैं तो राजद के लोग भाजपा के खिलाफ अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं लेकिन हकीकत है कि चारा घोटाला जब जनवरी 1996 में उजागर हुआ और मार्च 1996 में सीबीआई के जांच के आदे दिए गए तो केन्द्र में पीवी नरसिम्हा राव की सरकार थी । लालू जी जुलाई 1997 में आत्म समर्पण कर जेल गए तो केन्द्र में एच.डी.देवेगौड़ा की सरकार थी और सितंबर 2013 में कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद लालू जी जेल गए तो केन्द्र में डा. मनमोहन सिंह की सरकार थी । इन सभी सरकारों में लालू जी भागीदार रहे हैं ।
कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार के कृषि मंत्री डा0 प्रेम कुमार, पथ निर्माण मंत्री श्री नंदकिशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री अविनी कुमार चौबे, सांसद गोपाल नारायण सिंह, आर0के0 सिन्हा, प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, सह संगठन महामंत्री शिव नारायण जी मंचस्थ थे ।
वहीं बिहार भाजपा के सभी पदाधिकारीगण, बिहार सरकार के मंत्रीगण, सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान सभा प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, -प्रकल्प के संयोजक और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मौजूद थे ।
