छतरपुर। शहर में ट्राफिक व्यवस्था ठीक न होने के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को लेकर जिले के संभ्रात नागरिकों का एक दल कलेक्टर से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचा। कलेक्टर ने बच्चों के अभिभावकों और शहर के जागरुक नागरिकों की भीड़ को देखकर कलेक्ट्रेट में आनन फानन में यह बैठक आयोजित करनी पड़ी। जिसकी शिकायत भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने निर्वाचन आयोग से कर दी। गौरतलब हो कि छतरपुर शहर में डिवाइडर और सड़कों के किनारे बिजली के खंभे लगे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घट रही थी। जिससे शहर के लोगों का आक्रोश जिला प्रशासन के खिलाफ बढ़ता जा रहा था। शहर के पत्रकार, समाजसेवी और विभिन्न स्कूलों में पढऩे वाले अभिभावकों के एक दल ने कलेक्टर से मुलाकात करने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रवेश किया। कलेक्टर ने मौके को भांपते हुए जनता उग्र न हो उसके लिए एक बैठक तत्काल रख ली और लोगों के सुझाव आमंत्रित किए। यह बैठक किसी दल विशेष की नहीं थी इस बैठक में सभी पार्टी के नेता मौजूद थे। बैठक में कई निर्णय लिए गए और बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया और उसके लिए समय निर्धारित किया गया। परंतु कुछ लोगों ने इसे राजनैतिक रंग देने के लिए कलेक्टर के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत एप के माध्यम से कर दी। जिसमें यह उल्लेख किया गया है कि कलेक्टर मोहित बुंदस एवं पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह क्षेत्रीय विधायक के कहे अनुसार काम कर रहे हैं। परंतु यह बात सरासर गलत थी। पूरे जिले में आचार संहिता का पालन किया जा रहा है और किसी भी दल के नेता को कोई महत्व नहीं दिया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के नियमों को सख्ती से पालन कराया जा रहा है। शहर वासियों की विशेष समस्या होने के कारण यह बैठक आनन फानन में बिना सूचना के तत्काल की गई थी। हालांकि इस संबंध में छतरपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का साफ कहना है कि यदि शहर के सैकड़ों लोग एक साथ कोई समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर जाएं तो हम क्या उन्हें कलेक्ट्रेट से भगा दें। वह भी ऐसी समस्या है जो कि मौतों से संबंधित थी। स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए इस बैठक में विभिन्न लोगों के सुझाव मंगाए गए थे परंतु राजनैतिक चतुर लोगों ने इसका फायदा उठाया और निर्वाचन आयोग में कलेक्टर और एसपी की झूठी शिकायत कर दी। जिसके चलते आज जिले के दोनों आला अधिकारी काफी परेशान नजर आए और मीडिया से रूबरू होकर उन्होंने पूरी घटनाक्रम की जानकारी से अवगत कराया। कलेक्टर मोहित बुंदस ने कहा कि सबसे ज्यादा पत्रकार इस मुद्दे को लेकर हमारे सामने आए थे। उनसे कोई बात छिपी नहीं है। परंतु निर्वाचन आयोग को जो शिकायत की गई है उसमें वास्तविकता का कोई हवाला नहीं किया गया है।
अरविन्द जैन के साथ छतरपुर//महाराजपुर:-संवाददाता:-खेमराज चौरसिया(आरटीआई कार्यकर्ता)
