भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पिछले कई वर्षो से निरंतर बढ़ रहे अपराधों के कारण अपराधों का महानगर बनता जा रहा । शान्ति का टापू , ताल तलय्यौ का शहर पिछ्ले 15 वर्षों मेँ अपराध जगत का जिस प्रकार गढ़ बना वह चिंतनीय रहा ।इसे सरकार की नाकामी कहें या अपराधियों की दिलेरी जो भोपाल शहर देश के महानगरों की भांति अपराधियों की शरणस्थली बन गया । नतीजतन ऎसे अपराध भी सामनें आए जो केवल महानगरों तक सीमित थे । आधुनिकता का लबादा ओढ़े ऎसे अपराध भी राजधानी मेँ पेर पसार गए जिसकी कभी कल्पना तक नही की गई थी । राजधानी कभी मादक पदार्थो का अड्डा नही रही । परंतु बीते सालों के आपराधिक रिकार्ड देखें जाएं तो यहाँ पर्याप्त मात्रा मेँ मादक पदार्थो की तस्करी , आवक और खपत के उदाहरण सामनें आए हैँ । नए युग की दुहाई देने वाला यूथ कल्चर हुक्का लांज से बढ़कर अब बेशकीमती नशीले पदार्थो की गिरफ्त मेँ आता जा रहा और यह वह कल्चर है जिसका परिणाम केवल जीवन का अंत और घृणित समाज की अवधारणा पर खत्म होता है । ताजा मामला ऎसे ही एक नशीले पदार्थ की भोपाल मेँ मौजूदगी पर पुलिस और समाज को सोचने पर मजबूर कर रहा है “आखिर हम जा कहाँ रहे हैँ , आधुनिक कल्चर बनाम विकृत समाज “
हाईप्रोफाइल रेव पार्टी के लिए आया व्हाइट ड्रग पकड़ा, एमटेक स्टूडेंट निकला मास्टर माइंड , गिरफ्तार
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आधी रात के बाद शुरू होने वालीं हाईप्रोफाइल रेव पार्टियों में सप्लाई करने के लिए लाया गया व्हाइट ड्रग पकड़ा गया है। यह पहली बार है जब भोपाल में इतना महंगा नशा पाउडर पकड़ा गया। इसकी सप्लाई भी बदमाश की तरह दिखने वाले तस्कर नहीं बल्कि पुणे के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज में एमटेक स्टूडेंट कर रहा था। पुलिस ने 110 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग एमडी/एक्सटेसी जब्त किया है। इसका बाजार मूल्य 3 लाख रुपए बताया गया है।
एएसपी संजय साहू ने बताया कि एक सटीक सूचना के बाद एक युवक को रायसेन रोड स्थित सिल्वर इन होटल के पास से पकड़ा। आरोपी राजहर्ष कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय सूर्यकांत पाटिल है, जो पुणे के
प्रतिष्ठित कॉलेज में एमटेक अंतिम वर्ष का छात्र है। तलाशी लेने पर उसकी जेब से सफेद मटमैले रंग का पाउडर मिला। कैमिकल परीक्षण में पता चला कि ये पाउडर प्रतिबंधित ड्रग एमडी/एक्सटेसी है।
आरोपी बोला- शहर के कई रईस युवा हैं खरीदार
टीआई उमेश यादव ने बताया कि सूर्यकांत को पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड पर लिया है। उसका दावा है कि ये नशा शहर के रईस युवा करते हैं और इसका ज्यादा इस्तेमाल उनके द्वारा आयोजित रेव पार्टियों में किया जाता है। उसने दिल्ली, पुणे और महाराष्ट्र से ये ड्रग लाने की बात कही है।
पुलिस की पहली कार्रवाई
राजधानी पुलिस ने पहली बार किसी एमडी तस्कर को पकड़ा है। अब तक पुलिस गांजा तस्करों को ही पकड़ पाई है। इस नशे से जुड़े चार सौदागरों को एसटीएफ पहले गिरफ्तार कर चुकी है। इन तस्कर भी खुलासा कर चुके हैं कि शहर के कई पब्स और बार में ये नशा युवाओं को परोसा जा रहा है।
@सैयद ख़ालिद कैस की क़लम से
