@ सैयद खालिद कैस की रिपोर्ट
भोपाल । नियमों के नाम पर यातायात पुलिस की गुंडागर्दी प्रदेश में देखी जा सकती है आमजन सहित यातायात पुलिस के सिपाही व अधिकारी नियमों की आड़ में जहां एक और आम आदमी के अधिकारों का उल्लंघन करते हैं वहीं दूसरी ओर नियमों के साथ खिलवाड़ कर तानाशाही दिखाते। ऐसा ही एक मामला गत दिनों जबलपुर के मदन महल थाना क्षेत्र अंतर्गत हुआ , जहां एक वकील को यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियम तोड़ने के रूप में चालान काटने के पश्चात थाने में बिठाया तथा थाना प्रभारी द्वारा वकील के साथ मारपीट तथा लॉकअप में बंद करने की घटना भी प्रकाश में आई है।
अधिवक्ता के साथ घटित इस घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक द्वारा अपने साथियों के साथ थाने पर धावा बोला। अधिवक्ता के साथ थाना प्रभारी द्वारा मारपीट करने एवं लॉकअप में बंद करने के विरुद्ध अपराध दर्ज कराया । अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन का प्रभाव यह हुआ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर आना पड़ा । तथा थाना प्रभारी व अन्य के विरुद्ध उन्हीं के थाने में एफ आई आर दर्ज हुई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया ।
इस तरह के संपूर्ण मध्यप्रदेश में ना जाने कितने मामले प्रकाश में आते हैं। परंतु उचित कार्रवाई के अभाव में तानाशाह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कारवाई नहीं होने का परिणाम यह है के पुलिसकर्मी यातायात नियमों की आड़ में खुलकर भ्रष्टाचार करते हैं। वहीं तानाशाही दिखाकर मानव अधिकारों का हनन करते हुए आमजन के साथ अभद्र व्यवहार भी करते हैं ।
कमलनाथ सरकार इस ओर ध्यान नहीं देती यही कारण है कि पिछले 15 वर्षों से जो तानाशाही संपूर्ण पुलिस विभाग सहित यातायात पुलिसकर्मियों के बीच जड बना चुकी है। तथा भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर लगाम के भाव में तानाशाही निरंतर बलवती हो रही है।
क्या है मामला –
जबलपुर के मदन महल थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे | इसी दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे वकील संदीप माली को पुलिसकर्मियों ने रोका और चालान काट दिया। चालान कटने के बाद वकील साहब भड़क गए | घटनास्थल में उनकी पुलिस कर्मियों से जमकर कहासुनी हुई | वकील साहब के तेवर को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने उन्हें थाने में बिठा लिया | वकील संदीप माली का आरोप है की थाना प्रभारी संदीप अयाची ने उनके साथ थाने में जमकर मारपीट की और उन्हें लॉकअप में बंद कर दिया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक अपने साथियों के साथ मदन महल थाने पहुंचे | देखते ही देखते थाने में वकीलों का हंगामा शुरू हो गया | अधिवक्ता संघ ने मारपीट के आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की| हंगामा बढ़ने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया | फौरी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मी मीनाक्षी शुक्ला और हेमराज को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया और थाना प्रभारी को संदीप अयाची को नोटिस जारी किया | इसके उपरांत पीड़ित वकील संदीप माली ने थाना प्रभारी और दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ उन्हीं के थाने में एफआईआर दर्ज कराई | जबलपुर का यह पहला मामला है जब किसी थाना प्रभारी पर उसी के थाने में उसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हो | तीनों के खिलाफ मारपीट और गाली गलौज करने का अपराध दर्ज किया गया है |
