भोपाल। शाहजहानाबाद इलाके में एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे रिटायर्ड बिजलीकर्मी का एटीएम बदलकर बदमाश ने 1.96 लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है। बैंक को पत्र लिखकर पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मांगे हैं। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मौलाना आजाद कॉलोनी, ईदगाह हिल्स निवासी खालिद प्रीबिया पिता गुलाम प्रीबिया (72) एमपीईबी से रिटायर्ड हैं। 29 फ रवरी को वह सुल्तानिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसे निकालने के लिए पहुंचे थे। जहां रकम निकालने के दौरान एटीएम में खड़े हुए युवक ने पैसे निकालने में उनकी मद्द की थी। रकम निकालने के बाद वह अपने घर चले गए थे। इसी बीच दौरान बदमाश ने उनके एटीएम को बदल लिया था। बाद में बदमाश ने उनके एटीएम से अलग-अलग किस्तों में एक लाख 96 हजार 360 रुपए निकाल लिए थे। खाते से रकम निकलते ही फ्र ाड होने का पता चलने पर उन्होंने अपने एटीएम को ब्लॉक कराया। इस मामले को लेकर रिटायर्ड कर्मचारी ने थाना पुलिस को आवेदन दिया था। करीब चार महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने कल देर रात में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
