धानुक वंशकार समाज का उत्थान तभी होगा जब उनमे अपने अधिकारों की रक्षा की शक्ति आएगी-बंशल
ब्यावरा राजगढ़ से आसिफ खान की रिपोर्ट
आज धानुक वंशकार समाज विकास संघ के तत्वाधान में ब्यावरा ज़िला राजगढ़ स्थित गुलाब शाह जी का बाग़ में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
धानुक वंशकार समाज विकास संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी बंशल के मुख्य आतिथ्य एवं राजगढ़ सांसद रोडमल नागर ,पूर्व राज्यसभा सदस्य नारायण केसरी,भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा वाल्मिकी, तथा प्रेस क्लब ऑफ़ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद ख़ालिद क़ैस के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न इस कार्यक्रम में धानुक वंशकार समाज की धर्मशाला का भूमि पूजन हुआ। ब्यावरा राजगढ़ की समाजसेवी कंचन किशोर सोनी,भाजपा जिला अध्यक्ष,पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों ने इस अवसर पर धानुक समाज के उत्थान पर बल दिया।
कार्यक्रम के आरम्भ में धानुक समाज के पूजनीय राजा धनक के चित्र पर माल्यपर्ण के बाद धानुक वंशकार समाज विकास संघ द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर धानुक वंशकार समाज विकास संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी बंशल ने अपने उद्बोधन में धानुक समाज को जागरूक होने एवं अपने अधिकारों की रक्षा के लिए ततपर रहने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि धानुक वंशकार समाज का उत्थान तभी होगा जब उनमे अपने अधिकारों की रक्षा की शक्ति आएगी। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि ने नारी शक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि धानुक समाज की हर महिला पर यह दायित्व बनता है कि वह अपनी संतानों को सुशिक्षित, सुसंस्कृत बनाये। ब्यावरा राजगढ़ की वरिष्ठ समाजसेविका एवं नारी तो नारायणी संस्था की अध्यक्ष श्रीमती कंचन किशोर सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि धानुक समाज का हमारे समाज में अभूतपूर्व स्थान है उनको मुख्यधारा से जोड़ना हमारा दायित्व है।
प्रेस क्लब ऑफ़ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद ख़ालिद क़ैस ने अपने उद्बोधन में धानुक समाज की नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि परिवार का आधार स्तम्भ ही नारी है और उनका परम् दायित्व है कि वह अपनी संतानों को शिक्षित करें ,धानुक समाज को संगठित करें तभी समाज का उत्थान होगा।
