भोपाल। मेट्रोमोनियल की वेबसाइट में खुद को सीबीआई का अंडर कवर एजेंट बताकर एक बहरुपिए ने कैट की छात्रा को शादी के जाल में फंसाकर नूर उस सबाह होटल में ज्यादती की। इसके बाद एक माह तक पीड़िता का दैहिक शोषण करता रहा। इस बीच आईपीएस में चयन होने का झांसा देकर ट्रेनिंग के नाम पर उसने दो लाख रुपए भी ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पता चला है कि वह एमटेक की तैयारी कर रहा है और उसके पिता का मुंबई में कपड़ों का व्यापार है। आरोपी से सीबीआई की गोपनीय सील और सामाग्री बरामद की गई है। आरजीपीवी में हुई गड़बड़ी की सीबीआई जांच के सील लगे पुराने कागजात भी उससे मिले हैं। इस जांच में वह खुद के शामिल होने का लोगों को झांसा देता था। पुलिस को आशंका है कि वह व्यापमं मामले में जुड़ा हो सकता है।
अशोका गार्डन थाने के एसआई आरपी सिंह के अनुसार वर्धमान ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहने वाली 24 वर्षीय युवती कैट की तैयारी कर रही है। छात्रा के पिता बिजली विभाग में सीनियर अफसर हैं। करीब 3 माह पहले छात्रा के पिता ने शादी डॉट कॉम पर बेटी की प्रोफोइल बनाई थी।
इसके माध्यम से समीर अनवर खान नामक एक युवक की प्रोफाइल देखी थी। प्रोफाइल में उसने खुद को सीबीआई का अंडर कवर डीएसपी लिखा था। बातचीत के बाद उनकी शादी तय हो गई थी। 22 अक्टूबर को आरोपी युवक पहली बार भोपाल आया और होटल नूर उस सबाह में ठहरा। जहां उसने एक कथित काजी को बुलाकर पीड़िता से शादी की रस्में करवाईं। होटल में दो दिन तक छात्रा के साथ ज्यादती कर चला गया।
