मेरठ में गत बुधवार को रमजान के पूर्व रात्रि में तरावीह की नमाज पढ़ने को लेकर दो संप्रदायों के बीच विवाद हो गया। मामला नौचंदी सेक्टर 3 स्थित पुराना मकबरा का है, जहां लोग नमाज पढ़ते हैं। रमजान के पूर्व रात्रि में लोग तरावीह की नमाज पढ़ने पहुंचे। इसका भाजपा से जुड़े संगठन ने विरोध किया जिसके बाद ये विवाद खड़ा हो गया।
आरोप है कि एक पक्ष के दर्जनों युवकों ने मौलाना और नमाजियों को पीट डाला। जिसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। दोनों समुदाय के लोगों में एक दूसरे पर पथराव भी किया।
हालांकि, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समझा बुझाकर दोनों पक्ष को शांत करवाया। लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
हिंदूवादी संगठन का कहना है कि यहाँ पहली बार इतनी संख्या में लोग नमाज़ के लिए आ रहे हैं और उन्हें इस बात से आपत्ति है। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि यहाँ सालों से नमाज़ पढ़ी जा रही है और रमज़ान में हर साल इसी तरह यहाँ लोग आते हैं।
वहीं इस संगठन को शास्त्री नगर के भाजपा नेता जतिन चांदना का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने बातचीत में कहा कि वो यहाँ मुस्लिम समुदाय के लोगों को यहाँ नमाज़ नहीं पढ़ने देंगे।’

