जामनगर/नई दिल्ली.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछली यूपीए सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। मोदी ने यह आरोप गुजरात के जामनगर में एक चुनावी रैली के दौरान लगाया। मोदी ने कहा- एयर फोर्स में ऊंचे ओहदे पर रहे एक शख्स ने मुझे बताया कि मुंबई हमलों के बाद एयर फोर्स सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहती थी, लेकिन तब के प्रधानमंत्री ने इसकी इजाजत नहीं दी। बता दें कि 2008 में मुंबई हमले हुए थे। इन हमलों में कुछ विदेशियों समेत 166 लोग मारे गए थे। इस दौरान केंद्र में यूपीए की सरकार थी और मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे।
हमने उरी हमले के बाद जवाब दिया
– मोदी ने सोमवार को गुजरात में चार रैलियां कीं। इनमें से एक रैली जामनगर में भी थी। इसी रैली के दौरान पीएम ने पिछली सरकार और पीएम पर तंज कसा।
– मोदी ने कहा- हमारी एयरफोर्स में ऊंची रैंक पर रह चुके एक अफसर ने मुझे बताया कि 26/11 हमलों के बाद वो सर्जिकल स्ट्राइक का प्लान लेकर तब के प्रधानमंत्री के पास गए। दुख की बात है- सरकार ने ऐसा करने की हिम्मत ही नहीं दिखाई। लेकिन, जब उरी में हम पर हमला हुआ तो हमने बता दिया कि हम आतंकवादियों को कैसा जवाब देते हैं।
करप्शन और ब्लैकमनी के खिलाफ जंग
– प्रधानमंत्री ने गुजरात के इस चुनावी दौरे में एक बार फिर करप्शन और ब्लैकमनी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इन दोनों मुद्दों पर गंभीर है। पीएम ने कहा- हमने करप्शन और ब्लैकमनी के खिलाफ सख्त और ताकतवर कदम उठाए हैं। 
– मोदी ने कहा कि जब से गुजरात में बीजेपी की सरकार बनी है तब से राज्य में रोजगार के मौके बढ़े हैं। देश के कई हिस्सों से लोग रोजगार के लिए इस राज्य में आ रहे हैं। गुजरात में रोजगार के काफी मौके हैं।
– प्रधानमंत्री ने कहा- हम छात्रों के लिए पढ़ाई और कमाई और बुजुर्गों के लिए दवाई पर फोकस कर रहे हैं। हमने गुजरात में एजुकेशन सेक्टर को बढ़ाया है।
– पीएम ने कहा कि कई राज्यों ने कांग्रेस को खारिज कर दिया। क्योंकि, ये पार्टी उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।
10 साल में मुझे जेल नहीं भेज पाई कांग्रेस
– इसके पहले सोमवार को ही भावनगर के धरमपुर में एक रैली के दौरान पीएम ने कहा- 2007 के गुजरात चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा था कि मैं जेल जाने वाला हूं। 10 साल हो गए लेकिन वो मुझे जेल नहीं भेज पाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने ये सब सिर्फ डर फैलाने के मकसद से किया था। उन्होंने कांग्रेस को वॉर्निंग वाले अंदाज में कहा- जो डर जाए वो गुजरात नहीं हो सकता।

गुजरात में माहौल बिगाड़ना चाहती है कांग्रेस
– इस रैली में मोदी ने कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए। पीएम ने कहा- उत्तर प्रदेश कांग्रेस का गढ़ था। वहां अब उसका सफाया हो चुका है। वहां के लोगों ने इस पार्टी को दूसरा, तीसरा, चौथा या पांचवा स्थान भी नहीं दिया, बल्कि आलू जैसा शून्य दिया।
– मोदी ने आगे कहा- यूपी के लोग कांग्रेस को ज्यादा पहचानते हैं। अब यह सोचने की बात है कि इस पार्टी ने वहां कितना गलत किया होगा, तभी तो यूपी के लोगों ने इस पार्टी को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
– प्रधानमंत्री ने गुजरात का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर आरोप लगाए। कहा- कांग्रेस ने सोचा कि मोदी तो प्रधानमंत्री बनकर राज्य से बाहर है। अब वह गुजरात का सामाजिक तानाबाना ऐसा बिगाड़ना चाहते हैं कि 2019 के पहले लोग हमें गाली देने लगें। इससे उनकी दुकान फिर चालू हो जाएगी।
– मोदी ने कहा- अपनी सामाजिक एकता और सद्भभावना के बल पर ही गुजरात मॉडल बना। पहले भी उनकी इस तरह की कोशिश नाकामयाब साबित हो चुकी है।
