मुंबई –पिछले कुछ समय से बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार लगातार सामाजिक मुद्दों पर फिल्म करते आ रहे हैं। जिसकी वजह से अक्षय के फैंस को उनका एक्शन अवतार देखने के लिए नहीं मिल पा रहा है। अगर आप भी खिलाड़ी कुमार के उन्हीं फैंस में से एक हैं तो हम आपको बताना चाहेंगे कि अब आपको अक्षय कुमार का एक्शन अवतार देखने के लिए बहुत ज्यादा दिनों तक इंतजार नहीं करना है। खबरों की मानें तो अगले साल रिलीज होने वाली अक्षय कुमार की फिल्म केसरी में दर्शकों को खूब सारा एक्शन देखने को मिलेगा। यहां तक कि फिल्म केसरी के निर्माताओं ने दर्शकों को चौंकाने के लिए एक खास इंतजाम भी किया है। 
मिड-डे की एक खबर के अनुसार, ‘फिल्म केसरी के निर्माताओं ने अक्षय कुमार के लिए एक खास तलवारबाजी का सीक्वेंस डिजाइन किया है। जिसमें वो अपने दुश्मनों के छक्के-छुड़ाते दिखेंगे।’
आपको बता दें कि फिल्म केसरी को करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के अंतर्गत बनाया जा रहा है। जिसमें अक्षय कुमार के साथ परिणीति चोपड़ा अदाकारी करती दिखेंगी। यह पहला मौका है जब अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा साथ में काम करने जा रहे हैं। अक्षय कुमार ने परिणीति की बड़ी बहन प्रियंका चोपड़ा के साथ तो कई बार काम किया है लेकिन उन्हें परिणीति के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका पहली बार मिल रहा है।
अगर फिल्म केसरी की कहानी की बात की जाए तो यह सारागढ़ी में सरदार सिपाहियों और अफगान योद्धाओं के बीच लड़ी गई मशहूर लड़ाई पर आधारित होगी। जिसको दुनियाभर में बैटल ऑफ सारागढ़ी के नाम से जाना जाता है।
बैटल ऑफ सारागढ़ी पर इस समय बॉलीवुड में तीन फिल्में बन रही हैं। एक में अक्षय कुमार हैं, दूसरी में रणदीप हुड्डा हैं और तीसरी में अजय देवगन हैं। जहां अक्षय कुमार और रणदीप हुड्डा की फिल्मों की शूटिंग चल रही है, वहीं अजय देवगन ने अपनी फिल्म पर काम शुरू नहीं किया है।
