भोपाल| मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पत्रकार संदीप शर्मा की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई| पत्रकार ने रेत माफिया और पुलिस के गठजोड़ का स्टिंग ऑपरेशन किया था, जिसके बाद पत्रकार को जान का ख़तरा था, इसकी संभावना संदीप ने एसपी को लिखे लेटर में की थी, जो अब वायरल हो रहा है| वहीं इस घटना का जो वीडियो वायरल हुआ उसमे साफ़ नजर आ रहा है कि ट्रक चालक ने जानबूझकर संदीप को ट्रक से कुचल दिया और फरार हो गया| इस घटना से एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं माफिया का किस कदर एमपी में गुंडाराज है इसकी भी वानगी सामने आयी है| सरकार गुंडों, बदमाशों पर नकेल कसने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रही है, लेकिन रेत माफिया जो अब बेलगाम हो चुका है, इस पर चुप्पो साधे हुए हैं| रेत माफिया की गुंडागर्दी की तस्वीरें आये दिन सामने आती है, बल्कि कई हमले भी पत्रकार और पुलिस पर हो चुके हैं| वहीं रेत माफिया और पुलिस के सम्बन्ध को लेकर भी कई खुलासे हो चुके हैं, उन्ही में से एक बड़ा खुलासा जो संदीप ने किया था, जिसमे तत्कालीन अटेर एसडीओपी इंद्रवीर भदौरिया का नाम सामने आया था| जिसके बाद संदीप ने एसपी से सुरक्षा की मांग की थी और आज उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसे हत्या की आशंका जताई जा रही है| वहीं पुलिस ने अब तक इस मामले में सामान्य एक्सीडेंट दिखाकर मामला दर्ज कर लिया है| इसको लेकर कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य ने सरकार पर हमला बोला है और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है|
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया है, उन्होंने लिखा है ‘मप्र के भिंड में रेत माफिया और पुलिस गठजोड़ का पर्दाफ़ाश करने वाले पत्रकार की डंपर से कुचलकर हत्या- यह अत्यंत गंभीर एवं संदिग्ध मामला है जिसकी तत्काल CBI जाँच होनी चाहिए। मप्र में निडर खनन माफिया के हौंसले बढ़ते जा रहे है और निःसहाय सरकार आंख मूंद कर बैठी है’।
यह है मामला
सोमवार को सुबह एक ट्रक ने बाइक पर जा रहे पत्रकार संदीप शर्मा को कुचल दिया और तेजी से ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया| हादसे के बाद जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं उसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है ट्रक चालक ने संदीप शर्मा को जानबूझकर मारा है । फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि संदीप शर्मा बिल्कुल सड़क के किनारे कच्चे रास्ते में खड़े हुए थे और ट्रक चालक ने इतना ज्यादा ट्रक घुमाया कि वे उसकी चपेट में आ गए और जिससे उनकी मौत हो गई | इसके बाद में डायल हंड्रेड उनको लेकर जिला चिकित्सालय पहुंची तो डायल हंड्रेड के कर्मियों के द्वारा उन्हें सीधे डेड हाउस भेज दिया गया । जबकि नियमानुसार उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाना था जहां पर उनका इलाज किया जा सकता था । जब कुछ पत्रकारों ने इस बात पर आपत्ति जताई तो उनके घायल शरीर को ट्रामा सेंटर लाया गया जहां चेकअप के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया |
रेत माफिया और पुलिस के गठजोड़ का किया था खुलासा
पत्रकार संदीप शर्मा ने करीब 6 महीने पहले तत्कालीन एसडीओपी अटेर इंद्रवीर सिंह भदौरिया का रेत के कारोबार में संलिप्तता का वीडियो वायरल किया था जो कि लगभग सभी चैनलों ने प्रमुखता से दिखाया था| इसके अलावा भी कई अन्य रेत कारोबारियों से उनका छत्तीस का आंकड़ा रहा करता था | आज सुबह एक सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जब देखो तो वाली से गुजर रहे थे तो ठीक कोतवाली के सामने ट्रक ने उन्हें कुचल दिया|
वीडियो सामने आने के बाद भी पुलिस ने दर्ज नहीं किया हत्या का मामला
पुलिस ने अभी इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है लेकिन 302 का मुकदमा अभी तक दर्ज नहीं हुआ है और इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे कुछ भी कहने से अभी कतरा रहे हैं | संदीप शर्मा के द्वारा इस बात की शिकायत कोतवाली से लेकर डीजीपी तक की गई थी कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें किसी झूठे संडयंत्र में फंसाया जा सकता है या फिर उनकी हत्या करवाई जा सकती है। मामले की जांच के लिए एसपी प्रशांत खरे ने एसआईटी गठित की है। डीएसपी राकेश छारी, टीआई मेहगांव नरेंद्र त्रिपाठी, टीआई कोतवाली शैलेन्द्र कुशवाह, एसआई आशुतोष शर्मा, एएसआई सत्यवीर सिंह और साइबर सेल एसआईटी में शामिल हैं। एसआईटी जांच कर एसपी रिपोर्ट देगी।
