रायसेन –आगामी वर्षो में सांची में आयोजित होने वाले महाबोधी महोत्सव को वृहद स्वरूप प्रदान करने के लिए भोपाल संभागायुक्त श्री अजातशत्रु श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सांची में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव ने आगामी वर्ष में आयोजित किए जाने वाले महाबोधी महोत्सव की विस्तृत कार्ययोजना बनाने के कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे को निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव ने कहा कि महाबोधी महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए कई स्तरों पर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया को इस महाबोधी महोत्सव की जानकारी देने के लिए सांची महाबोधी महोत्सव पर आधारित वेबसाईट बनाना होगा तथा इस वेबसाईट को पर्यटन निगम की वेबसाईट से लिंक करना होगा। इसके अलावा भारत में स्थित विदेशी दूतावास तथा विदेशों में स्थित भारतीय दूतावास को इस महोत्सव की पर्याप्त समय पहले जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव ने कहा कि देश भर के ट्रेवल्स ऑपरेटर्स से भी सम्पर्क करना होगा, ताकि उनके द्वारा विदेशी पर्यटकों को सांची का महत्व बताया जा सके। उन्होंने बैठक में उपस्थित पर्यटन निगम के प्रतिनिधियों को एमपी ट्रेवल मार्ट सांची में आयोजित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सांची पर आधारित समग्र जानकारी पर्यटन निगम की वेबसाईट पर उपलब्ध कराई जाए। सांची के साथ ही आसपास के समस्त पर्यटन स्थलों की जानकारी पर आधारित मैप तैयार किया जाए, जिसे पर्यटन निगम के माध्यम से प्रसारित किया जाए। इसके साथ ही एक कैलेण्डर भी तैयार किया जाए ताकि पर्यटकों को सांची में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके। संभागायुक्त ने कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे को सांची नगर के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। पर्यटन निगम के प्रतिनिधियों ने बताया कि सांची में बुद्धिस्ट थीम पार्क बनाए जाने की योजना है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि टूरिज्म कन्वेंशन सेंटर तैयार किया जा रहा है। जिसे संभागायुक्त ने शीघ्र बनाने के निर्देश दिए।
श्री अजातशत्रु ने संस्कृति विभाग के उप संचालक को निर्देश दिए कि महाबोधी महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आने वाले कलाकारों का पर्याप्त समय पहले चयन एवं निर्धारण करें ताकि उनका प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जा सके। उन्होंने कहा कि महाबोधी महोत्सव के अलावा उन अवसरों का भी कैलेण्डर तैयार किया जाए जिन अवसरों पर सांची में पर्यटकों का आगमन अधिक होता है।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों को बताया जाए कि उनके विभाग के भोपाल में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय सेमीनार में भोपाल के आसपास के पर्यटन स्थलों पर आधारित साहित्य वितरित किया जाए। बैठक में सांची में राज्य स्तरीय हस्तशिल्प मेला आयोजित करने की भी बात कही गई। सांची में ट्रेनों का स्टापेज बढ़ाने का भी सुझाव दिया गया। बैठक में एसपी श्री जगत सिंह राजूपत, सीईओ जिला पंचायत श्री अमनवीर सिंह बैंस, श्रीलंका महाबोधी सोसायटी के प्रतिनिधि श्री विमलतिस्य नायक थैरो, संस्कृति विभाग, पर्यटन निगम सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
रिपोट्रर :- अरुण कुमार शेन्डे रायसेन M.P.
