अहमदाबाद.होम मिनिस्टर राजनाथ सिंह ने गुजरात की एक रैली में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कांग्रेस वाइस प्रेसिडेंट राहुल गांधी के ‘विकास पागल हो गया’ के बयान पर कहा कि मुझे ऐसा कहने वाले के दिमाग पर तरस आता है। विकास धीमा-तेज या रुक सकता है, पागल कैसे हो सकता है? कांग्रेस ने गुजरात में विकास की रफ्तार धीमी होने की बात कहते हुए यह नारा दिया था। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 9 और 14 दिसंबर को वोटिंग होगी, नतीजे 18 तारीख को आएंगे।
मजहब के आधार पर बांटकर सरकार बनाना चाहती है कांग्रेस
– गुजरात में रैली में राजनाथ ने कहा, ”राहुल कहते हैं कि विकास पालग हो गया है। मुझे उनके दिमाग पर तरस आता है। विकास कभी धीमा हो सकता है, कभी तेज हो सकता है, कभी रुक सकता है। लेकिन विकास कभी पागल भी होता है क्या? अगर कोई उसे पागल कहे तो उसे क्या कहा जाए?”
– ”आतंकवादियों का कोई मजहब नहीं होता। न वो हिंदू, मुस्लिम होता है ना ईसाई। लेकिन सिर्फ वोट के चक्कर में जात-पात मजहब के आधार पर बांटकर ये (कांग्रेस वाले) सरकार बनाना चाहते हैं।”
सूरत में राजनाथ का भोजपुरी में संवाद
– होम मिनिस्टर ने शनिवार को सूरत में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने चोर्यासी विधानसभा क्षेत्र के पांडेसरा में लोगों से बीजेपी को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। इस दौरान राजनाथ ने उत्तर भारतीय बहुल क्षेत्र में भोजपुरी में संवाद किया। उन्होंने कहा, ‘हमहूं भोजपुरी बोलिले। गृह मंत्री बनला के बाद इ न समझी कि हम भोजपुरी भूल गइलीं’।
– राजनाथ कांग्रेस पर जमकर बरसे। राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस के युवा नेता को गुजरात का विकास नहीं दिख रहा है। उन्हें इंसोनिया की बीमारी है, जिसकी वजह से उन्हें मति और दृष्टि भ्रम हो रहा है। गुजरात के जो तीन युवा कांग्रेस का हाथ पकड़ रहे हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि जो कांग्रेस का हाथ पकड़ता है वह डूबता है। अखिलेश यादव इसका ताजा उदाहरण हैं।
मैं भी गुजराती का बेटा हूं: राजनाथ सिंह
– राजनाथ ने आगे कहा कि बीजेपी लोगों के स्वाभिमान का पूरा खयाल रखती है। कांग्रेस के समय में पाकिस्तान की गोलीबारी के सामने सफेद झंडा दिखाया जाता था। अब भारतीय फौज रोज 2-3 आतंकवादियों को टपका रही है।
– आज गुजरात के बेटे ने देश का नाम दुनिया में ऊंचा किया। मेरी मां का नाम गुजराती देवी है। मैं गुजराती का बेटा हूं।
