इंदौर। बेंगलुरू की आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह सयाजी होटल ग्रुप की ऑल टाइम डायरेक्टर सुचित्रा धनानी के स्कीम नंबर 54 स्थित बंगले और एक अन्य डायरेक्टर व बोर्ड चेयरमैन टीएन उन्नी के गीता भवन चौराहा स्थित निवास पर छापा मारा। टीम ने बार्बी क्यू नेशन इंडियन रेस्त्रां चेन पर भी छापे मारे। जांच देर रात तक जारी थी। सूत्रों के अनुसार ग्रुप आय को काफी कम बताकर टैक्स चोरी कर रहा था। काफी मात्रा में दस्तावेजों की जांच की गई है। 78 वर्षीय उन्नी इंदौर के वरिष्ठ सीए हैं। उन्नी सयाजी ग्रुप से लंबे समय से जुड़े हैं।
फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि आयकर विभाग के हाथ कुछ कितने दस्तावेज लगे और अब तक कितनी टैक्स चोरी का मामला पकड़ में आ चुका है परंतु इंदौर में चर्चाएं हैं कि यह बड़ा मामला हो सकता है और इसका पूरा खुलासा करने में आयकर विभाग को भी समय लगेगा।
