पन्ना (पवई)। पन्ना जिले के पवई के टपरियन सिमरा गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। दो घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। गांव में एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति की जमीन पर मुस्लिम परिवार के कब्जे को लेकर ठाकुर परिवार के दखल के बाद मामला बढ़ गया। इन दोनों पक्षों के बीच करीब 5 साल से रंजिश भी चली आ रही थी।
रघुवीर सिंह (28) के मुस्लिम परिवार से विवाद की खबर जैसे ही बड़े भाई जगदीश (42) पिता गुलाब सिंह को लगी तो वह बंदूक लेकर मौके पर पहुंच गया। उसने आव देखा न ताव दनादन गोलियां दागनीं शुरू कर दीं। गोलियां अनार खां (68) पिता अमीरा, हसीना (25) पति अमजद खान को लगने से वो घायल हो गए।
वहीं परिजनों का बचाव करते हुए अकरम पिता अकबर खान को भी गोली का छर्रा कंधे में जा लगा। घायल अनार खां की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल जाते वक्त हसीना ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं फायरिंग के बाद भागते वक्त जगदीश अनार खां के परिजनों के हत्थे चढ़ गया। वो उसे घसीटते हुए घर के अंदर ले गए।
वहां उन्होंने जगदीश की पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना में घायल अकरम को गंभीर हालत में पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल रघुवीर सिंह मौके गायब हो गया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के आला अफसरों ने भी गांव पहुंच हालात का जायजा लिया। वहीं पुलिस ने आसपास के थानों से बल बुला पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
किशुन चौधरी की जमीन पर चल रहा था विवाद
गांव में किशुन चौधरी का अनार खां के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अनार ने किशुन के खेत पर कब्जा कर रखा था। मामले में जगदीश किशुन की तरफ से विवाद में दखल दे रहे थे। इसी वजह से ठाकुर और मुस्लिम परिवार के बीच रंजिश भी बनी हुई थी। जिसने बुधवार को बड़ा रुप ले लिया।
वारदात के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। सुरक्षा कारणों से सिमरिया, अमानगंज, पन्ना, शाहनगर व रैपुरा थाने से भी बल बुलाया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। गांव में स्थिति नियंत्रण में है।………………….डीआईजी अनिल माहेश्वरी
