लखनऊ -उन्नाव गैंगरेप केस के आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई ने शनिवार को लखनऊ की एक कोर्ट में पेश किया। पेशी से पहले मीडिया से सेंगर ने कहा कि मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। इलाहाबाद हाई कोर्ट से मिली फटकार के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सीबीआई को गैंगरेप के आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और उनके भाई के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। सीबीआई ने सेंगर के दो फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं।
इससे पहले उन्नाव मामले में गुरुवार देर रात सीबीआई और लखनऊ की एसीबी ब्रांच ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थीं। इसके बाद सीबीआई ने शुक्रवार तड़के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को हिरासत में लेकर करीब 17 घंटे तक पूछताछ की और फिर शुक्रवार रात 9:30 बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक उन्नाव में सीबीआई को प्रारंभिक जांच में ही विधायक, उनके भाई और साथियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।
