वायरल होने की आस में सोशल मीडिया पर अश्लीलता – एक कड़वी सच्चाई
आज इंस्टाग्राम खोलो तो दो तरह की रील सबसे ज्यादा दिखती हैं – एक में कोई माँ अपने बच्चे के साथ रोटी बना रही है, दूसरी में एक लड़की छोटे कपड़ों में अश्लील गाने पर कमर मटका रही है। अफसोस की बात है, दूसरी रील को 10 मिलियन व्यूज मिलते हैं और पहली को 500 लाइक भी नहीं।
यही वह जाल है जिसमें आज हजारों महिलाएं, खासकर छोटे शहरों और गांवों की लड़कियां फंस रही हैं। वायरल होने की होड़ ने सोशल मीडिया को अश्लीलता का बाजार बना दिया है।
इंस्टाग्राम, फेसबुक, Moj, Josh जैसे ऐप का एल्गोरिदम ही ऐसा है कि वह अर्धनग्न, उत्तेजक कंटेंट को ज्यादा लोगों तक पहुंचाता है। आप एक बार ऐसी रील देख लो, तो अगली 10 वैसी ही आएंगी। लड़कियों को लगता है – इसमें तो जल्दी फेमस हो जाएंगे।
एक वायरल गर्ल से मेरी बात हुई थी, बैरसिया भोपाल की। बोली – “भैया, मेरे गांव में कोई मुझे नहीं जानता था। अब 1 लाख फॉलोवर हैं तो कंपनियां 2000 रुपये देती हैं एक वीडियो के।” अश्लीलता से मिलने वाला इंस्टेंट पैसा, ब्रांड डील, गिफ्टिंग – ये सब आकर्षक लगता है। कई एजेंसियां भी हैं जो लड़कियों को कहती हैं – थोड़ा बोल्ड बनो, व्यूज बढ़ेंगे।
बोल्डनेस गलत नहीं है। महिला का अपने शरीर पर हक है, वह क्या पहनेगी उसकी मर्जी है। पर समस्या तब है जब बोल्डनेस सिर्फ कैमरे के लिए, पुरुषों की नजर के लिए परोसी जाए। डांस के नाम पर अश्लील इशारे, गाली वाले गानों पर लिपसिंक, बेडरूम जैसे प्राइवेट कपड़ों में वीडियो बनाना – यह बोल्डनेस नहीं, अश्लीलता है।
सबसे बड़ा नुकसान उन महिलाओं को हो रहा है जो सच में टैलेंटेड हैं। जो महिला खेती पर वीडियो बनाती है, जो पढ़ाती है, जो कविता सुनाती है – उसकी रीच अश्लील कंटेंट की वजह से दब जाती है। दर्शक भी अब महिला कंटेंट को शक की नजर से देखने लगे हैं।
दूसरा, छोटी बच्चियों पर असर। 13-14 साल की लड़कियां देखती हैं कि दीदी को छोटे कपड़े पहनने पर लाखों लाइक मिल रहे हैं, तो वे भी वही करने लगती हैं। उन्हें लगता है यही सफलता का शॉर्टकट है। कई केस में तो माता-पिता खुद अपनी नाबालिग बेटियों से ऐसे वीडियो बनवाते हैं, ताकि चैनल मोनेटाइज हो जाए।
तीसरा, सुरक्षा का खतरा। ऐसे वीडियो पर आने वाले 90% कमेंट गंदे होते हैं। नंबर मांगना, रेट पूछना, धमकी देना। कई लड़कियां फिर ब्लैकमेलिंग का शिकार बनती हैं। वायरल होने के बाद प्राइवेट वीडियो लीक होने के केस आम हो गए हैं।
इसमें सिर्फ महिलाओं को दोष देना आसान है, पर अधूरा है। दोष पूरे सिस्टम का है।
यूट्यूब, इंस्टा को अपने कम्युनिटी गाइडलाइन सख्त करनी होगी। अश्लीलता को सिर्फ उम्र तक सीमित करने से नहीं चलेगा, उसे डाउनरैंक करना होगा।
माता-पिता को अपनी बेटियों को समझाना होगा कि 15 सेकंड की वायरलिटी 15 साल की इज्जत से बड़ी नहीं है। स्कूलों में डिजिटल लिटरेसी पढ़ानी होगी – कि फेम और सम्मान में फर्क क्या है।
फॉलोवर आज हैं, कल नहीं। जो इज्जत कपड़े उतारकर मिलती है, वह इज्जत नहीं, भीड़ है। भीड़ ताली भी बजाती है और पत्थर भी मारती है। असली वायरल वह महिला होती है जो अपनी शर्तों पर वायरल होती है – जैसे – सुहानी शाह जादू दिखाकर, डॉली चायवाली अपनी मेहनत से।
अंत में एक बात – महिला का शरीर उसका है, पर सोशल मीडिया उसका निजी कमरा नहीं, चौराहा है। चौराहे पर आप कैसे पेश आते हैं, यह आपका चरित्र तय करता है। वायरल होना बुरी बात नहीं, पर वायरल होने के लिए अश्लीलता का सहारा लेना, खुद को ही छोटा करना है। क्योंकि इंटरनेट पर कुछ भी डिलीट नहीं होता – आपका एक वीडियो आपकी आने वाली पीढ़ी भी देखेगी।
@डॉक्टर सैयद खालिद कैस
