भोपाल । मप्र स्टेट बार कौंसिल के तत्वावधान में प्रदेश भर के जिला अधिवक्ता संघों के पदाधिकारी रविवार को भोपाल में नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी केरवा डेम के सभागार में दोपहर 2 बजे सीएम शिवराज सिंह चौहान का अभिनंदन करेंगें। मप्र स्टेट बार कौंसिल के सचिव मो.मेहबूब अंसारी ने बताया कि सीएम द्वारा वकीलों के हित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों एवं कल्याणकारी कदम उठाए जाने को लेकर मप्र स्टेट बार कौंसिल द्वारा उनके अभिनंदन किए जाने का निर्णय लिया गया है। अंसारी ने बताया कि स्टेट बार कौंसिल के चेयरमैन शिवेंद्र उपाध्याय ने एक सर्कुलर जारी कर प्रदेश के समस्त जिला अधिवक्ता संघों के अध्यक्षों एवं सचिवों को भोपाल पहुंचकर कार्यक्रम में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। स्टेट बार कौंसिल के चेयरमैन शिवेंद्र उपाध्याय और सदस्य भूपनारायण सिंह कार्यक्रम की तैयारियों के लिए शुक्रवार को ही भोपाल पहुंच गए हैं।
स्टेट बार कौंसिल के चेयरमैन ने जारी किया सर्कुलर
चेयरमैन द्वारा सर्कुलर जारी करने के बाद प्रदेश के वकीलों का एक बहुत बड़ा तबका शिवेंद्र उपाध्याय की कार्यप्रणाली के खिलाफ है । विगत माह कौंसिल के आहवान पर वकीलों की हड़ताल होने और फिर चेयरमैन द्वारा बिना कारण वापस लेने का प्रदेश भर मे विरोध झेल चुके शिवेंद्र उपाध्याय द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनन्दन सम्मान कई सवाल खड़े कर रहा है । प्रदेश मे एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नही होने तथा हाईकोर्ट बेंच स्थापित नही होने के बावजूद मुख्यमंत्री का सम्मान केवल चाटुकारों की जमात का सम्मेलन के अलावा कुछ नही । आश्चर्यजनक यह है कि वकीलों की जमात का मुखिया वकीलों को छल रहा है ।
क्या प्रदेश के वकील भेड़ बकरी हैं जो सर्कुलर निकाल कर अपनी मनमानी करेँगे मुखिया जी । अधिवक्ताओ के सम्मान के लिये आगे आना होगा । अपनी राजनीति चमकाने के लिये प्रदेश के वकीलों का उपयोग मुनासिब नही । वेसे भी भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के साथ स्टेट बार को कार्यक्रम करने और वकीलों को बुलाने की क्या सूझी ।
स्टेट बार मुखिया सहित भोपाल बार के मुखिया का राजनीतिक चेहरा सबके सामने आचूका है । अधिवक्ता हित से अधिक अपना हित साधना अधिवक्ता समाज के लिये न्याय नही है ।
