भोपाल। पिछले आठ महीने से पेट्रोल-डीजल टैंकर के ड्राइवर और क्लिनरों को मिलने वाला वेतन कलेक्टर रेट पर देने की मांग के बाद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिसको देखते हुए 1 मई से टैंकर वर्क्स एसोसिएशन ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। मांगे पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल से शहर में फिर पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है।
बकानिया स्थित रिलायंस डिपो पर लगे टैंकरों के करीब 15 सौ ड्राइवर और क्लीनर हैं। इन लोगों ने जुलाई में कलेक्टर रेट से वेतन नहीं देने पर हड़ताल कर दी थी, जिला प्रशासन के अफसरों ने डिपो मैनेजर और टैंकर मालिकों की सहमति से इनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ महीने गुजर जाने के बाद भी इनकी मांगे पूरी नहीं हुर्इं हैं। इसको देखते हुए एसोसिएशन ने 1 मई से हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल रहमान का कहना है कि इसके पहले भी कलेक्टर रेट पर वेतन देने, डिपो के बाहर शेड और टॉयलेट निर्माण के लिए मोहलत दी गई थी, लेकिन आज तक यह मांगे पूरी नहीं की गर्इं हैं।
